एक बार फिर आधी रात को बदमाशों का उत्पात
- बकरामंडी और जगदंबा कॉलोनी में बदमाशों ने गाड़ियों में की तोड़फोड़
- घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो हुए वायरल
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एक बार फिर आधी रात को बदमाशों का उत्पात। शहर में एक बार फिर बदमाशों का उत्पात सामने आया है। आधी रात को शहर के जगदंबा कॉलोनी प्रताप नगर और बकरामंडी हरिजन बस्ती में बदमाशों की दो टोलियों ने मिलकर उत्पात मचाते हुए कई गाडिय़ों में बेजा तोडफ़ोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
घटनाक्रम के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज आज सुबह वायरल हुए। हरकत में आई पुलिस ने अब बदमाशों की पहचान के साथ तलाश आरंभ की है। प्रतापनगर और खांडाफलसा थाने में अलग अलग प्रकरण अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराए गए है।
जानकारी के अनुसार प्रतापनगर के जगदम्बा कॉलोनी पंचोलियानाडी क्षेत्र में आधी रात को दो मोपेड पर कुछ युवक सवार होकर आए। युवकों के हाथों में डंडे और लाठियां थी। इन लोगों ने घरों के बाहर खड़े दुपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए तोडफ़ोड़ की। गाडिय़ों के शीशे फोडऩे के साथ हैडलाइट आदि को नुकसान पहुंचाया गया।
होटल एवं रेस्टोरेंट लाइसेंस शुल्क वृद्धि पर चिंता
इसी प्रकार से बकरामंडी हरिजन बस्ती में भी बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाते हुए वहां घर के बाहर गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की। रात को तोड़फोड़ की आवाजें आने पर कुछ लोग जाग भी गए और चिल्लाने लगे। प्रतापनगर सदर और खांडाफलसा थाना क्षेत्रों में हुई इन तोडफ़ोड़ की घटनाओं का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सुबह वायरल हुए। इस बाद हरकत में आई पुलिस ने अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान के साथ तलाश आरंभ की है। शाम तक कुछेक बदमाशों को डिटेन किए जाने की उम्मीद जताई है।
खांडाफलसा थानाधिकारी सुरेश पोटलिया ने बताया कि बदमाशों की पहचान की जा रही है। इससे पहले भी प्रतापनगर के कमला नेहरू नगर,सूरसागर, महामंदिर एरिया में इस तरह की घटनाएं हो चुकी है। आधी रात को जब लोगबाग अपने अपने घरों में होते है तब बदमाश हाथों में लाठी,डंडे और पत्थर लेकर निकलते है और वाहनों को नुकसान पहुंचाते हैं।
