विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने की स्वगणना,आमजन से अधिकाधिक भागीदारी की अपील

  • स्वगणना का आठवां दिन
  • जोधपुर विकास प्राधिकरण में हुई स्वगणना कार्यशाला
  • प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के दिए निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने की स्वगणना, आमजन से अधिकाधिक भागीदारी की अपील। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के अंतर्गत शुक्रवार को विधायक,शेरगढ़ बाबूसिंह राठौड़ द्वारा स्वगणना कर आमजन से अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना करने के लिए अपील की गई।

उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को जोधपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में स्वगणना कार्यशाला का आयोजन किया गया,जिसमें जिला जनगणना प्रकोष्ठ के कर्मचारियों द्वारा स्वगणना की प्रक्रिया संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।

इस वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत शनिवार को

इस दौरान जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी एवं जेडीए सचिव चंचल वर्मा ने स्वगणना कर जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत 1 मई से 15 मई तक आमजन के पास स्वगणना का विकल्प उपलब्ध है। नागरिक अपने स्मार्टफोन अथवा लैपटॉप/डेस्कटॉप के माध्यम से पोर्टल se.census.gov.in पर स्वगणना कर इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं।

चौधरी ने बताया कि स्वगणना के दौरान भाषा का चयन सावधानी पूर्वक किया जाना आवश्यक है, क्योंकि एक बार चयन के बाद इसमें परिवर्तन संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसमें जनगणना मकान के उपयोग की जानकारी दर्ज की जानी है। इसके अंतर्गत आवासीय,आवास-सह- अन्य उपयोग,दुकान,कार्यालय सहित उपलब्ध नौ विकल्पों में से उपयुक्त विकल्प का चयन करना होगा।

उन्होंने बताया कि जनगणना मकान की स्थिति भी अंकित की जानी है,जिसमें अच्छी,रहने योग्य अथवा जीर्ण-शीर्ण में से एक विकल्प का चयन किया जाएगा। इसके पश्चात परिवार में सामान्यतः निवास करने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या तथा परिवार के मुखिया का नाम दर्ज किया जाना है। परिवार का मुखिया वह व्यक्ति होता है, जो सामान्यतः परिवार की देखभाल की मुख्य जिम्मेदारी निभाता है तथा परिवार की ओर से निर्णय लेता है।

चौधरी ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण के तहत तहसील बालेसर में आयोजित दो बैच तथा नगरपालिका बालेसर सत्ता में आयोजित एक बैच में भाग लेकर प्रशिक्षणार्थियों को गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए, ताकि फील्ड कार्य के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।