Doordrishti News Logo

डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के बताए उपाय

वित्तीय जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा पर विशेष कार्यशाला आयोजित

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के बताए उपाय। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जयपुर एवं जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय,जोधपुर के महिला अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं विद्यार्थियों सहित आमजन को वित्तीय साक्षरता,सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग तथा बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.पवन कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर महिला अध्ययन केंद्र की प्रमुख विजयश्री,भारतीय रिजर्व बैंक से वीरेंद्र चारण (LDO),जोधपुर से जिला अग्रणी प्रबंधक श्याम पुरोहित,साइबर पुलिस थाने से प्रवीण गहलोत तथा एरिया मैनेजर मनीष रामावत सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।

विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारी
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर सिक्योरिटी एवं वित्तीय जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। RBI से वीरेंद्र चारण ने वित्तीय साक्षरता,डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डिजिटल लेन-देन के बढ़ते प्रचलन के साथ प्रत्येक व्यक्ति को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सतर्क रहना आवश्यक है।

युवा प्रखर प्रतियोगिता में सोमानी कॉलेज की टीम विजेता

साइबर पुलिस थाने से प्रवीण गहलोत ने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों,ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल,लिंक, डिजिटल अरेस्ट,सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

जिला अग्रणी प्रबंधक श्याम पुरोहित ने बैंकिंग सेवाओं,वित्तीय समावेशन,डिजिटल बैंकिंग एवं बैंकिंग सुविधाओं के सुरक्षित उपयोग के महत्व पर अपने विचार साझा किए। एरिया मैनेजर श्री मनीष रामावत ने वित्तीय साक्षरता के प्रसार में CFL (Centre for Financial Literacy) की भूमिका तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन, विशेषकर महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान डिजिटल युग में वित्तीय साक्षरता केवल बैंकिंग एवं बचत तक सीमित नहीं है,बल्कि सुरक्षित वित्तीय निर्णय लेने,डिजिटल धोखाधड़ी की पहचान करने और अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने की समझ विकसित करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद किया तथा साइबर सुरक्षा एवं वित्तीय लेन-देन से संबंधित विभिन्न सवालों के जवाब प्राप्त किए। कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने,बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।