विदेशी रक्षा पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत

  • मारवाड़ की सांस्कृतिक परंपराओं से हुआ आत्मीय अभिनंदन
  • दुनिया के 33 देशों के रक्षा पत्रकारों का सूर्यनगरी में स्वागत
  • लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बिखेरी राजस्थानी संस्कृति की छटा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),विदेशी रक्षा पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत। विदेश मंत्रालय (MEA) के तत्वावधान में भारत की परिचयात्मक यात्रा पर आए विभिन्न देशों के रक्षा पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल का शनिवार को जोधपुर आगमन पर एयरपोर्ट पर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।

सूर्यनगरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मारवाड़ की गौरवशाली लोक परंपराओं के अनुरूप आयोजित स्वागत समारोह में लोक कलाकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और मधुर लोकधुनों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। राजस्थानी लोक संगीत की सुमधुर प्रस्तुतियों और पारंपरिक सांस्कृतिक छटा ने विदेशी मेहमानों को जोधपुर की विशिष्ट पहचान से रूबरू कराया।

प्रतिनिधिमंडल के जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। लोक वाद्ययंत्रों एवं मारवाड़ की पारंपरिक संगीत प्रस्तुतियों ने आगमन के अवसर को विशेष बना दिया। विदेशी अतिथियों ने भी स्थानीय संस्कृति,संगीत और पारंपरिक स्वागत की सराहना की। इस अवसर पर राजस्थान की अतिथि सत्कार परंपरा और सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक देखने को मिली।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शनिवार को नई दिल्ली से जोधपुर पहुंचे। प्रतिनिधि मंडल 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक जोधपुर प्रवास पर रहेगा। राजस्थान पर्यटन के सहयोग से शनिवार को इन्हें जोधपुर भ्रमण भी करवाया जाएगा।

युवा प्रखर प्रतियोगिता में सोमानी कॉलेज की टीम विजेता

इस परिचयात्मक यात्रा में अल्जीरिया,अर्मेनिया, क्रोएशिया,चेक गणराज्य, मिस्र,एस्टोनिया,फिजी, जर्मनी,गुयाना,हंगरी, इंडोनेशिया,कोत द’आइवर, जापान,केन्या,लातविया, मलेशिया,मॉरीशस,मोरक्को, न्यूजीलैंड,नाइजीरिया,ओमान, पराग्वे,पेरू,फिलीपींस,पुर्तगाल, सर्बिया,स्लोवाकिया,दक्षिण अफ्रीका,दक्षिण कोरिया, श्रीलंका,अमेरिका,उरुग्वे एवं वियतनाम सहित विभिन्न देशों के रक्षा पत्रकार शामिल हैं।

यात्रा के समन्वय एवं व्यवस्थाओं के लिए विदेश मंत्रालय के मीडिया संपर्क अधिकारियों के साथ राज्य प्रशासन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जोधपुर की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

भारतीय सेना के साथ संवाद और जोधपुर भ्रमण रहेगा कार्यक्रम का हिस्सा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 एवं 30 नवंबर को प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों के लिए भारतीय सेना की 12वीं कोर के साथ विभिन्न कार्यक्रम एवं संवाद आयोजित होंगे। 1 दिसंबर को प्रतिनिधि मंडल जोधपुर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेगा,जबकि 2 दिसंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जोधपुर से प्रस्थान करेगा।

इस परिचयात्मक दौरे का उद्देश्य विदेशी रक्षा पत्रकारों को भारत की रक्षा क्षमताओं,रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता,’मेक इन इंडिया’ पहल तथा रक्षा संबंधी नीतिगत प्रयासों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना है। इसके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय मीडिया के प्रतिनिधियों को भारत की रक्षा तैयारियों व सामरिक क्षमताओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ वैश्विक स्तर पर तथ्यपरक एवं संतुलित दृष्टिकोण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।