• अंतिम विदाई देने के लिए जन सैलाब उमड़ा
  • पार्थिव देह को आमजन के अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया
  • अंतिम यात्रा मन्दिर पैलेस से लेकर जवाहिर निवास तक पैदल निकाली गई

जोधपुर, जैसलमेर रियासत के पूर्व महारावल बृजराज सिंह के शव का मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। उनको अंतिम विदाई देने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। इससे पहले उनकी पार्थिव देह सुबह दिल्ली से स्वर्ण नगरी लाई गई। उनकी पार्थिव देह को आमजन के अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। अंतिम यात्रा मन्दिर पैलेस से लेकर जवाहिर निवास तक पैदल निकाली गई। इससे आगे बड़ाबाग तक वाहनों द्वारा गए। पूर्व महारावल के सम्मान में आज जैसलमेर के लोगों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। यहां पूरा बाजार बंद रहा। गौरतलब है जैसलमेर के पूर्व महारावल 52 वर्षीय बृजराज सिंह का सोमवार सुबह दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन का समाचार मिलते ही पूरे जैसलमेर में शोक की लहर छा गई। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे उनकी पार्थिव देह को जैसलमेर लाया गया। मंदिर पैलेस में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंच कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उनका अंतिम संस्कार जैसलमेर राज परिवार के लोगों के लिए निर्मित बड़ा बाग में किया गया। शव यात्रा में शामिल होने के लिए पूरे जैसलमेर जिले से लोग पहुंचे। वहीं कुछ अन्य स्थान से भी पूर्व जागीरदार उनकी अंतिम विदाई में शामिल हुए। 52 वर्षीय पूर्व महारावल के परिवार में पत्नी राजेश्वरी देवी और दो पुत्र कुंवर चेतन्यराज सिंह भाटी और जनमेज्य राज सिंह भाटी हैं। बृजराज सिंह का जन्म 31 नवंबर 1968 को जैसलमेर में हुआ। बृजराज सिंह की शादी 28 जनवरी 1993 को नेपाल के महाराजा सहदेव शमशेर जंग बहादुर की पुत्री राजेश्वरी देवी के साथ हुई थी।