Doordrishti News Logo

बुजुर्ग दंपती तीर्थ यात्रा पर घर से एक करोड़ के जेवर चोरी

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बुजुर्ग दंपती तीर्थ यात्रा पर घर से एक करोड़ के जेवर चोरी। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान में सेंध लगाकर जेवर और रुपए चोरी कर लिए। यहां रहने वाले बुजुर्ग दंपती तीर्थ यात्रा पर गए थे। किराएदार ने उन्हें वारदात की सूचना दी। वहीं वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। अब पीडि़त दंपती के बेटे ने मामला दर्ज कराया। इसके अनुसार चोरी किए सामान का अनुमानित बाजार मूल्य एक करोड़ रुपए से ज्यादा है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 23/548 निवासी आकाश चाण्डक ने बताया कि उसके माता-पिता चन्द्र किशोर चाण्डक और सुरज चाण्डक घर में रहते हैं। दोनों वरिष्ठ नागरिक हैं। आकाश वर्तमान में नोएडा में बैंक में नौकरी करता है। मकान की ऊपरी मंजिल पर जीवा नामक महिला अपने परिवार के साथ किराये पर रहती है।

गत 14 मई की सुबह करीब 10.30 बजे आकाश के माता-पिता घर पर ताला लगाकर तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन 15 मई की सुबह करीब 6.38 बजे पड़ोसी महिला ने फोन कर सूचना दी कि किरायेदार जीवा घर पहुंची है और उसने बताया कि रात में अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोडक़र चोरी कर ली है तथा घर का सामान बिखरा पड़ा है।

टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत

सूचना मिलने पर आकाश ने जोधपुर में रहने वाले अपने साले सागर शाह को घर भेजा। सागर शाह ने वीडियो कॉल के माध्यम से घर की स्थिति दिखाई। इसके बाद पुलिस को भी सूचना दी गई। आकाश नोएडा से जोधपुर पहुंचा और घर का निरीक्षण किया। घर की जांच करने पर अलमारी और सामान अस्त-व्यस्त मिला। पीडि़त ने बताया कि घर से सोने के कीमती आभूषण,चांदी के आर्टिकल और नकदी चोरी हुई है। चोरी किए गए सामान की विस्तृत सूची पुलिस को अलग से सौंपी गई है।