जैसलमेर स्टेशन का 110 करोड़ रुपए से होगा विस्तार
- 140 करोड़ से हो चुका है मेगा रिडेवलपमेंट
- बनेंगे दो नए प्लेटफॉर्म और दो रनिंग लाइन
- दूसरी पिट लाइन और सेकंड एंट्री भी होंगी विकसित
- स्टेशन की परिचालन क्षमता में होगा बड़ा इजाफा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जैसलमेर स्टेशन का 110 करोड़ रुपए से होगा विस्तार। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से जैसलमेर रेलवे स्टेशन के मेगा रिडेवलपमेंट और उसके उद्घटान के बाद अब स्टेशन को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 110.51 करोड़ रुपए की एक नई परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना का क्रियान्वयन रेलवे की गति शक्ति यूनिट द्वारा किया जाएगा।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना के तहत स्टेशन पर दो नई रनिंग लाइन,दूसरी पिट लाइन,दो नए प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5,दोनों पिट लाइनों पर कवर शेड एवं कैटवॉक,मौजूदा फुट ओवर ब्रिज का विस्तार तथा सेकंड एंट्री स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा।
महिलाओं की नई ताकत बना ElevateHer ऐप
उन्होंने बताया कि इन कार्यों से स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। अतिरिक्त रनिंग लाइन और नए प्लेटफॉर्म बनने से अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा। दूसरी पिट लाइन तैयार होने से ट्रेनों के रखरखाव,धुलाई और तकनीकी जांच की व्यवस्था मजबूत होगी,जबकि सेकंड एंट्री बनने से यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक प्रवेश-निकास मार्ग मिलेगा और मुख्य प्रवेश द्वार पर भीड़ का दबाव कम होगा। परियोजना टेंडर प्रक्रियाधीन है।
टूरिस्ट सीजन में रहने वाले यात्री दबाव के कारण लिया फैसला
जैसलमेर देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां वर्षभर बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटन सीजन में यात्रियों और ट्रेनों का दबाव बढ़ने को देखते हुए यह विस्तार परियोजना स्टेशन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगी। इससे रेल संचालन अधिक सुचारु होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
रेलवे ने इस परियोजना की अनुमानित लागत 110.51 करोड़ रुपए निर्धारित की है। निर्माण कार्य गति शक्ति यूनिट के माध्यम से कराया जाएगा।
उच्च क्षमता और विश्वस्तरीय सुविधाओं से होगा लैस
इस परियोजना से सीमांत जैसलमेर रेलवे स्टेशन पश्चिमी राजस्थान के सबसे आधुनिक,उच्च क्षमता वाले और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशनों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
