जनगणना 2027 में बढ़ रही आमजन की भागीदारी
- स्वगणना का छठा दिन
- 15 मई तक स्वयं करें गणना
- सरल प्रक्रिया से 14 भाषाओं में उपलब्ध सुविधा
- प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्वगणना
- नागरिकों से भी भागीदारी की अपील
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जनगणना 2027 में बढ़ रही आमजन की भागीदारी। जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकान गणना’ के अंतर्गत स्वगणना का आज छठा दिवस था। उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक,आर्थिक एवं सांख्यिकी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि 1 मई से 15 मई तक आमजन के लिए स्वगणना का विकल्प उपलब्ध है,जिसके माध्यम से नागरिक अपने स्मार्टफोन या लैपटॉप/डेस्कटॉप पर पोर्टल se.census.gov.in के जरिए स्वयं इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया अत्यंत सरल है,जिसमें कुल 34 प्रश्नों के उत्तर देने होते हैं। नागरिक हिंदी एवं अंग्रेजी सहित 14 भाषाओं में से अपनी सुविधा अनुसार भाषा का चयन कर सकते हैं। स्वगणना की प्रक्रिया में पोर्टल पर लॉग-इन,परिवार पंजीकरण, भाषा चयन,ओटीपी सत्यापन, स्थान संबंधी विवरण,मानचित्र पर निवास चिन्हित करना,प्रश्नावली पूर्ण करना,पूर्वावलोकन एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण शामिल है। स्वगणना पूर्ण होने पर प्राप्त 11 अंकों की आईडी को प्रगणक के दौरे के समय साझा करना आवश्यक है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (द्वितीय) सुरेंद्र सिंह पुरोहित एवं उपनिदेशक, पशुपालन विभाग जोधपुर ने बुधवार को स्वयं स्वगणना कर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित किया। जिला प्रशासन के जनगणना प्रकोष्ठ (आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग) के कार्मिकों द्वारा विभिन्न विभागीय कार्यालयों में जाकर स्वगणना का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
कलक्टर ने किया शहर के औद्योगिक व ड्रेनेज तंत्र का निरीक्षण
इसी क्रम में एडवोकेट अनीता ने अपने स्टाफ के साथ उप जिला जनगणना कार्यालय पहुंचकर स्वगणना प्रक्रिया को समझा और अपनी स्वगणना पूर्ण की। चौधरी ने बताया कि वर्तमान में व्यक्ति जहां सामान्य रूप से निवास करता है, वहीं अपनी गणना/स्वगणना करना नियमानुसार सही है। यह आवश्यक नहीं है कि आधार,जनाधार,राशन कार्ड या अन्य पहचान पत्र में दर्ज पते पर ही गणना की जाए,बल्कि जहां व्यक्ति सामान्यतः निवास कर रहा है,वहीं उसकी गणना की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वगणना के दौरान किसी प्रकार के पहचान पत्र की आवश्यकता नहीं होती। इसमें केवल परिवार के मुखिया का नाम,मोबाइल नंबर, निवास स्थान एवं परिवार की सामान्य जानकारी पोर्टल पर दर्ज करनी होती है। सभी व्यक्तिगत जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है और किसी भी व्यक्ति, संस्था या विभाग से साझा नहीं की जाती।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत विभिन्न चार्ज स्तरों पर प्रगणक एवं सुपरवाइजर के प्रशिक्षण भी आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे 15 मई 2026 तक स्वगणना कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा 16 मई से 14 जून 2026 के बीच प्रगणक के दौरे के दौरान सही एवं स्पष्ट जानकारी प्रदान कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग दें।
