ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा के लिए सतर्कता दल का गठन
जोधपुर,राजस्थान राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक) 2021 के संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में केन्द्राधीक्षकों व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में जिला परीक्षा समन्वयक अपर जिला मजिस्ट्रेट शहर प्रथम जोधपुर रामचन्द्र गरवा ने निष्पक्ष, पारदर्शितापूर्ण परीक्षा संपादन हेतु आवश्यक निर्देश दिये।
अपर जिला मजिस्ट्रेट शहर प्रथम ने बताया कि राजस्थान राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक)-2021 जोधपुर जिला मुख्यालय पर 27 दिसम्बर को दो चरणों में तथा 28 दिसम्बर को दो चरणों में (प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर 2.30 बजे से सायं 4.30 बजे तक) जोधपुर शहर एवं उसके निकटतम केन्द्रो यथा सालावास,केरु.तनावडा,झालामण्ड आदि पर आयोजित होगी। अपर जिला कलक्टर (शहर प्रथम),जोधपुर रामचन्द्र गरवा को परीक्षा समन्वयक नियुक्त किया गया है। ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक)-2021 के लिए सूचनाओं, मॉनिटरिंग, समन्वय के लिए अपर जिला कलक्टर (शहर-प्रथम),जोधपुर कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसके टेलीफोन नं. 0291-2650316 हैं।
उन्होंने बताया कि जोधपुर जिले में ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक)-2021 के लिए 27 दिसम्बर को प्रथम चरण में 100 परीक्षा केन्द्रों पर 32136, द्वितीय चरण में 100 परीक्षा केन्द्रों पर 32136 तथा 28 दिसम्बर को तृतीय चरण में 100 परीक्षा केन्द्रों पर 32136 तथा चतुर्थ चरण में 82 परीक्षा केन्द्रों पर 25632 अभ्यर्थी भाग लेंगे। इन परीक्षा केन्द्रों में 48 राजकीय एवं 52 निजी शिक्षण संस्थान हैं। बोर्ड के निर्देशानुसार शिक्षण संस्था के संस्था प्रधान को केन्द्राधीक्षक नियुक्त किया गया है। ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक)-2021 के लिए 19 सतर्कता दलों का गठन किया गया है, जिसमें वरिष्ठ आरएएस अधिकारी को सतर्कता दल का प्रभारी एवं आरपीएस अधिकारी, राजस्थान शिक्षा सेवा अधिकारी को सतर्कता दल का सदस्य बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रश्न पत्रों को परीक्षा केन्द्र पर पहुंचाने एवं ओएमआर शीटों को जमा करवाने के लिए लेखा सेवा के अधिकारियों को उप समन्वयक नियुक्त करते हुए जिले में कुल 100 परीक्षा केन्द्रों के लिए 19 उप समन्वयक बनाये गये हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर 1-1 पर्यवेक्षक, निजी संस्थाओं में 2-2 पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं, कुल 152 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त 52 निजी संस्थानों में कुल 52 सहायक केन्द्राधीक्षक की नियुक्ति की गई है। केन्द्राधीक्षक द्वारा वीक्षक की नियुक्ति की जानी है, जिसके लिए वीक्षक जिला शिक्षा अधिकारी, जोधपुर द्वारा उपलब्ध करवाये गये हैं।
जिला प्रषासन ने की अपील
वर्तमान में शीतलहर एवं अन्य जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या के मद्देनजर जोधपुर जिले में स्थित धर्मशालाओं,स्वयं सेवी संस्थाओं तथा भामाशाहों को उनके लिए निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था किये जाने हेतु अपील की गई है।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews