वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 जिले में शांतिपूर्ण सम्पन्न
- 25,533 अभ्यर्थियों पंजीकृत
- 18,342 रहे उपस्थित -71.84 प्रतिशत ने दी परीक्षा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा- 2026 जिले में शांतिपूर्ण सम्पन्न।राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड,जयपुर द्वारा आयोजित वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन रविवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही सत्र में किया गया। जोधपुर जिले के कुल 88 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। परीक्षा के लिए जिले के 51 राजकीय एवं 37 निजी विद्यालयों में परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए थे।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर दौलतराम चौधरी ने बताया कि परीक्षा के लिए जोधपुर,जोधपुर ग्रामीण,बाड़मेर,बालोतरा, नागौर,पाली,फलौदी एवं जालौर सहित विभिन्न जिलों के कुल 25,533 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 18,342 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए,जबकि 7,191अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति 71.84 प्रतिशत दर्ज की गई।
महिला डिब्बे में यात्रा करना पुरुष यात्रियों को पड़ेगा महंगा
उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति,पेयजल तथा रेल एवं बस परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई। डमी परीक्षार्थियों की रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
परीक्षा के प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए सतर्कता दलों का गठन किया गया तथा राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा सामग्री का वितरण एवं संग्रहण कराया गया। परीक्षा में नियुक्त समस्त कार्मिकों को पूर्व में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिला प्रशासन की समुचित व्यवस्थाओं एवं सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, वातावरण में सम्पन्न हुई।
