चौपासनी हाउसिंग बोर्ड चौपाटी से हटाया अतिक्रमण
केबिन धारकों व दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई का जताया विरोध
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),चौपासनी हाउसिंग बोर्ड चौपाटी से हटाया अतिक्रमण। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-10 स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल के सामने नगर निगम द्वारा संचालित चौपाटी क्षेत्र में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान कई छोटे केबिन जब्त किए गए। निगम की इस कार्रवाई का वहां व्यवसाय करने वाले दुकानदारों और हाथ ठेला यूनियन ने विरोध जताया।
दुकानदारों का आरोप है कि नगर निगम ने चौपाटी को अवैध बताते हुए बिना किसी पूर्व नोटिस के एक- एक कर छोटे केबिन जब्त करने शुरू कर दिए। उनका कहना है कि वर्षों से इसी स्थान पर छोटे व्यवसाय के माध्यम से वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं और बिना पूर्व सूचना की गई कार्रवाई से उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
एएसआई के रिश्वत लेने पर शास्त्रीनगर थानाधिकारी पर गिरी गाज,लाइन हाजिर
हाथ ठेला यूनियन ने निगम की कार्रवाई को अन्याय पूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले प्रभावित दुकानदारों को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि निगम मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्रवाई पर पुनर्विचार करे और छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
