Doordrishti News Logo

साइबर ठगों ने बैंक कर्मियों के सामने साफ किया खाता

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),साइबर ठगों ने बैंक कर्मियों के सामने साफ किया खाता। शहर में एक युवक के खाते से साइबर ठगों ने करीब 1 लाख 19 हजार रुपए की ठगी कर डाली। खास बात ये है कि युवक ने न तो किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया था न ही किसी के साथ कोई ओटीपी शेयर किया था, फिर भी उनके खाते से रकम कट गई। मामले में पीडि़त ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

घटना मंगलवार रात की है। युवक ने साइबर पोर्टल पर रात को ही शिकायत दर्ज करा दी थी,जबकि दूसरे खाते के लिए आज बैंक जाकर शिकायत दी। पीडि़त रमेश सिंह ने बताया कि ठगों ने उनके 2 बैंकों के खातों से रकम निकाली। एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख रुपए और इंडसइंड बैंक के खाते से 19 हजार रुपए निकाल लिए।

सतलाना स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य से दस रेलसेवाएं प्रभावित

पीडि़त रमेश जब इसकी शिकायत करने सूरसागर स्थित इंडसइंड बैंक पहुंचा तो वहां भी उनकी आंखों के सामने बैंक में ही खाते से 372 रुपए,50 रुपए और 18 रुपए का ट्रांजैक्शन कर अकाउंट साफ कर दिया। गनीमत यह रही कि खाते में सिर्फ इतने ही पैसे बचे थे,वरना ठग और बड़ी रकम पर हाथ साफ कर सकते थे।

मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आते देख पीडि़त ने देर रात ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत के बाद भी आ रहे हैं ओटीपी
पीड़ित रमेश सिंह का आरोप है कि इंडसइंड बैंक को आधिकारिक रूप से सूचना देने और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद उनके फोन पर लगातार ओटीपी आ रहे हैं। साइबर पोर्टल और बैंक को सूचना मिलने के बाद भी इस तरह लाइव ट्रांजैक्शन होने से बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। पीडि़त ने साइबर थाने पहुंचकर पुलिस को भी इस पूरी घटना की जानकारी दे दी है।