जोधपुर, पिछले 2 साल से राजस्थान की सत्ता पर काबिज कांग्रेस सरकार अपने किए वादे पूरे करना तो दूर बल्कि राजस्थान की तरक्की से जुड़े हर मामले पर पूरी तरह से फेल साबित हुई है। जिसकी वजह से प्रत्येक राजस्थानवासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। यह बात राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र गहलोत ने राजस्थान की कांग्रेस की सरकार के 2 साल पूरा होने पर पूछे गए सवाल के जवाब में कही राजेन्द्र गहलोत ने कहा कि यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं है कि अशोक गहलोत सरकार हर फ्रंट पर फेल साबित हो चुकी है। इनके मंत्री और पार्टी कार्यकर्ता आपस में झगड़ते हैं। सरकार ने राजस्थान को सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन की गर्त में पहुंचा दिया है। गांधी दर्शन के नाम पर सत्ता की सरपरस्ती में बेरोजगारी, निकम्मापन और नाकारापन परोसा गया और राजस्थान को बदहाली की कगार पर ला खड़ा कर दिया गया। युवा बेरोजगारी के दलदल में धंसते नजर आ रहे हैं। नई भर्तियों को छोड़कर कॉंग्रेस सरकार तो पुरानी भर्तियां तक कैंसल कर रही है। किसान दिन ब दिन बदहाल हो रहा है। उसकी फसलों का पूरा दाम सरकार नही दे पा रही है। किसान हैरान परेशान है। मध्यम वर्ग की आर्थिक रीढ़ सरकार ने तोड़ के रख दी है। गहलोत ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ गई हैं। प्रदेश में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ आ गई है। लूट,हत्या, गैंगरेप, बलात्कार और अपहरण की घटनाएं सरकार के मुंह पर तमाचा है। बीते 2 वर्षों में प्रदेश में हुई खौफनाक आपराधिक घटनाओं ने सरकार की पोल खोल दी है। गुण्डाराज रोकने में सरकार फेल साबित हुई है। दो साल के विश्लेषण के पश्चात अशोक गहलौत सरकार को नकारा और निकम्मी सरकार कहना उचित होगा।