शेरगढ़ उपखण्ड में कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक

  • समर कंटिंजेंसी के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
  • पेयजल,विद्युत आपूर्ति व फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),शेरगढ़ उपखण्ड में कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को उपखण्ड शेरगढ़ की पंचायत समिति शेरगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई,जिसमें क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों,समर कंटिंजेंसी प्लान तथा राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समर कंटिंजेंसी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने समर कंटिंजेंसी प्लान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

हैंडपंपों की स्थिति पर विशेष ध्यान
बैठक में हैंडपंपों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी खराब हैंडपंपों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कोई समस्या उत्पन्न न हो।

फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति पर जोर
जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की सभी फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने तथा प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत सोलंकिया तला में कलक्टर की रात्रि चौपाल

विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की समीक्षा
बैठक में विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जलापूर्ति में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समन्वय व जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक कार्य के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने एवं जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।