चेहरे पर बिना चीरा लगाए टूटी हड्डियों को जोड़ा

एमडीएम में जटिल ऑपरेशन सफल

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),चेहरे पर बिना चीरा लगाए टूटी हड्डियों को जोड़ा। डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग की मुख व मैक्सिलोफेशियल सर्जरी इकाई ने 28 वर्षीय युवक के चेहरे की कई टुकड़ों में टूटी हड्डियों को जोड़ने का जटिल ऑपरेशन सफलता पूर्वक किया।

दुर्घटना में युवक की दाहिनी गाल की हड्डी, उसका आर्च,आँख के कोटर का किनारा और ऊपरी जबड़ा टूट गए थे। इससे चेहरा एक ओर से दब गया था और आँख की स्थिति पर भी असर का खतरा था।

सोलर प्लांट में हिस्सेदारी के नाम पर धोखाधड़ी

इकाई प्रभारी प्रो.(मेजर) डॉ.चंद्रशेखर चट्टोपाध्याय ने बताया कि ऑपरेशन में चेहरे पर कोई चीरा नहीं लगाया गया। हड्डियों तक सिर के बालों की रेखा, निचली पलक के भीतरी हिस्से और मुँह के अंदर से पहुंचकर उन्हें टाइटेनियम प्लेटों से जोड़ा गया।

उन्होंने कहा,“ऐसी चोटों में हड्डियाँ जोड़ने के साथ चेहरे का पुराना आकार लौटाना और निशान न छोड़ना भी उतना ही ज़रूरी है। ऑपरेशन के बाद के सीटी स्कैन में हड्डियाँ सही स्थिति में हैं और मरीज़ स्वस्थ हो रहा है।”

ऑपरेशन टीम में विभागाध्यक्ष डॉ.विकास देव,प्रो.डॉ.चंद्रशेखर चट्टोपाध्याय,सहायक आचार्य डॉ.चारु चौहान, वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ.सुगंधा जैन और डॉ.सुमन सुथार तथा कनिष्ठ रेजिडेंट डॉ. निखिल,डॉ.अविनाश,डॉ. जोगाराम और डॉ.नेहा शामिल थे। निश्चेतना डॉ. प्रमिला सोनी और डॉ. राकेश खावड़ ने दी। ओटी नर्सिंग का दायित्व श्री योगेन्द्र पुरी ने संभाला।

प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ.बीएस जोधा और अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने टीम को बधाई दी।