बीमा कंपनी पर दो लाख रुपए हर्जाना
- वाणिज्यिक न्यायालय संख्या 2
- सर्वेयर के प्रतिपरीक्षा में हाजिर नहीं होने पर सर्वे रपट को साबित नहीं माना जा सकता
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बीमा कंपनी पर दो लाख रुपए हर्जाना।वाणिज्यिक न्यायालय संख्या 2 जोधपुर महानगर के न्यायाधीश अनुभव सिडाना ने वाद मंजूर कर बीमा कंपनी पर दो लाख रुपए हरजाना लगाते हुए महत्वपूर्ण व्यवस्था दी है कि सर्वेयर के प्रतिपरीक्षा में हाजिर नहीं होने पर सर्वे रपट को साबित नहीं माना जा सकता है।
उन्होंने युनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ बकाया दावा राशि एक करोड़ 98 लाख 88 हजार 639 रुपए,वाद दायर करने तक ब्याज राशि 40 लाख 8 हजार 209 रुपए और बकाया राशि पर 11 जुलाई 2016 से 9 फीसदी ब्याज और पांच लाख रुपए वाद व्यय की डिक्री पारित की, जिसके अनुसार बीमा कंपनी को वादी को करीब चार करोड़ 32 लाख रुपए का भुगतान करना होगा।
शेखावाटी आर्ट एक्सपोर्ट ने अधिवक्ता अनिल भंडारी के माध्यम से वाद दायर कर कहा कि 1 दिसंबर 2014 को उनके बीमित परिसर में भीषण आग लग गई और बीमा कंपनी ने 3 करोड़ 9 लाख रुपए के नुकसान के एवज में सर्वे रपट को आधार बनाते हुए अप्रैल 2016 में महज एक करोड़ 10 लाख रुपए का ही भुगतान किया।
अधिवक्ता भंडारी ने बहस करते हुए कहा कि वादी की ओर से दावे को साबित करने के लिए 5 साक्ष्य पेश की गई,लेकिन बीमा कंपनी के सर्वेयर को बार बार और यहां तक कि हाईकोर्ट की ओर से भी अवसर दिए जाने पर प्रतिपरीक्षा के लिए उपलब्ध नहीं होने पर सर्वे रपट को कदापि साबित नहीं माना जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सर्वेयर ने किराएदार का एक तिहाई स्टॉक राशि 3 करोड़ रुपए बिलावजह वादी की मान ली तथा लोहे के आइटम में दावा राशि में जो 40 फीसदी कटौती मानी, वहीं फार्मूला लकड़ी के बने हुए आइटम में लगा दिया,जबकि भीषण आग में लकड़ी के सामान जल कर खाक हो गए। उन्होंने कहा कि अग्नि बीमा पॉलिसी में लाभ को जोड़े जाने तथा भवन नुकसान पर अवमूल्य कटौती का कोई प्रावधान नहीं होने पर भी सर्वे रपट में इसे लागू किया गया है, सो बकाया दावा राशि की डिक्री पारित की जाए।
बीमा कंपनी की ओर से कहा गया कि पूर्व में दिसंबर 2023 में पारित डिक्री को चुनौती दिए जाने पर हाईकोर्ट ने दावा राशि के विवाद्यक को वापिस तय करने का गत दो फरवरी को आदेश दिया सो वाद खारिज किया जाए।
वाणिज्यिक न्यायालय जोधपुर महानगर के न्यायाधीश अनुभव सिडाना ने वाद मंजूर करते हुए बीमा कंपनी पर दो लाख रुपए का हरजाना लगाते हुए कहा कि वादी ने वाद के साथ सर्वे रपट पेश करते हुए इसे चुनौती दी है और वादी सर्वेयर से प्रतिपरीक्षा करने से वंचित रहा है सो सर्वे रपट को साबित नहीं माना जा सकता है। उन्होंने कहा कि सर्वे रपट में कई विसंगतियां और कमियां है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय उत्पाद एवं कस्टम विभाग के आदेशानुसार किराएदार के अलावा किसी और का सामान वहां नहीं रखा जा सकता तो एक तिहाई स्टॉक राशि 3 करोड़ रुपए बिलावजह वादी का मानकर सर्वेयर ने अनुचित कृत्य किया है।
उन्होंने कहा कि बीमा पॉलिसी में लाभ को जोडऩे का कोई प्रावधान नहीं होने पर भी सर्वेयर ने बीस फीसदी लाभ को स्टॉक में गलत रूप से जोड़ दिया और लोहे के आइटम में 40 फीसदी कटौती का फार्मूला लकड़ी के सामान में भी लगा कर तथा बीमा पॉलिसी के समय निर्धारित भवन की कीमत चार करोड़ रुपए की बजाए सवा सात करोड़ रुपए मानकर और अग्नि बीमा पॉलिसी में अवमूल्य कटौती का प्रावधान नहीं होने पर भी इसे लागू करना आधारहीन है सो सर्वे रपट मनमानी व अवैध है।
उन्होंने कहा कि बीमा कंपनी यह साबित भी नहीं कर सकी कि वादी ने दावे के वास्ते कूटरचित या फर्जी दस्तावेज दिए हो। उन्होंने पूर्ण एवं अंतिम भुगतान प्राप्त करने के बावजूद भी बकाया दावा राशि वास्ते वादी को हकदार बताया।
उन्होंने युनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ बकाया दावा राशि एक करोड़ 98 लाख 88 हजार 639 रुपए,11 जुलाई 2016 तक ब्याज 40 लाख 8 हजार 209 रुपए तथा 11 जुलाई 2016 से बकाया दावा राशि पर 9 फीसदी ब्याज और पांच लाख रुपए वाद व्यय की डिक्री पारित की। इस प्रकार बीमा कंपनी को वादी को करीब चार करोड़ 32 लाख रुपए का भुगतान करना होगा।
Related posts:

हादसों में चार लोगों की मौत

अवैध बजरी खनन पर कार्रवाई एक आरोपी गिरफ्तार

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

आज थमेंगे स्पेशल ट्रेनों के पहिए
महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व की ऐतिहासिक पहल-सेठ

विकसित भारत युवा संसद 30 को जोधपुर में
भगत की कोठी में वंदे भारत स्लीपर डिपो का दूसरे चरण का कार्य प्रगति पर

विशेषज्ञों ने स्पाइन की बीमारियों के सटीक निदान व उपचार पर चर्चा

