जोधपुर संभाग की 33 में 23 सीटों पर भाजपा का कब्जा

  • कांग्रेस 4 पर जीती
  • शाले मोहम्मद 35 हजार 481 वोटों से हारे
  • राज्य में भाजपा को 115 सीट पर जीत के साथ पूर्ण बहुमत
  • मूख्यमंत्री अशोक गहलोत सरदारपुरा सीट से विजयी हुए
  • जोधपुर जिले की दस सीटों में से आठ पर भारतीय जनता पार्टी वियजी
  • संभाग की छह सीटों पर निर्दलीय और बागी विजेता
  • शिव से निर्दलीय पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रविंद्रसिंह भाटी जीते
  • बाड़मेर जिले की सात में से 4 सीटों पर भाजपा जीती
  • पाली जिले की 6 में से 5 सीटों पर भाजपा जीती
  • जालोर जिले की पांच सीटों में दो पर भाजपा,दो पर कांग्रेस और एक सीट पर निर्दलीय जीते
  • सिरोही जिले की तीन सीटों में से दो पर भाजपा और एक पर कांग्रेस काबिज
  • जैसलमेर की दोनों सीटों पर भाजपा की जीत

जोधपुर,जोधपुर संभाग की 33 में 23 सीटों पर भाजपा का कब्जा। 16वीं विधानसभा का गठन रविवार को हो गया। चुनावी परिणामों में भाजपा 115 सीट पर विजयी होकर पूर्ण बहुमत हासिल कर सत्ता में लौट आई है। जोधपुर संभाग में 33 सीटों में 23 पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है। सत्ताधारी कांग्रेस 4 सीटों पर सिमट कर रह गई और छह सीटों पर निर्दलीय और बागी विजयी हुए हैं। जोधपुर जिले की बात करें तो यहां पर दस में आठ पर भारतीय जनता पार्टी वियजी रही है। राजस्थान के लिए सबसे हॉट सीट माने जाने वाली मूख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले की सरदारपुरा सीट पर वे विजयी हुए हैं। इसके अलावा भोपाल गढ़ से कांग्रेस की गीता बरवड़ ने जीत हासिल कर कांग्रेस की झोली में एक सीट डाली है।

यह भी पढ़ें – अब तक के रुझान में जिले की 10 में से 7 पर भाजपा,3 पर कांग्रेस आगे

जोधपुर जिले का विवरण
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) हिमांशु गुप्ता ने बताया कि जिले की फलौदी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार पब्बाराम विश्नोई ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी प्रकाश चन्द्र छंगाणी को 10784 मतों से पराजित किया। भारतीय जनता पार्टी के पब्बाराम को 80243 मत मिले जबकि इण्डियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार प्रकाश चन्द्र छंगाणी को  69459 मत हासिल हुए।
लोहावट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के गजेन्द्र सिंह खींवसर 10549 मतों से निर्वाचित हुए। भारतीय जनता पार्टी के गजेन्द्र सिंह को कुल 81415 वोट मिले तथा इण्डियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार किसना राम विश्नोई को 70866 वोट मिले। शेरगढ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बाबूसिंह राठौड़ ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस की मीना कंवर को 25044 मतों से हराया। भारतीय जनता पार्टी के बाबूसिंह राठौड़ ने 102868 मत हासिल किये तथा इण्डियन नेशनल कांग्रेस की मीना कंवर को 77824 मत मिले। ओसियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भैराराम चौधरी(सियोल) ने 103746 मत प्राप्त कर इण्डियन नेशनल कांग्रेस की दिव्या मदेरणा को 2807 मतों से पराजित किया। भैराराम चौधरी(सियोल) को कुल 103746 मत प्राप्त हुए तथा दिव्या मदेरणा को 100939 मत मिले।
भोपालगढ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से इण्डियन नेशनल कांग्रेस की उम्मीदवार गीता बरवड़ 24298 मतों से विजयी रही। इण्डियन नेशनल कांग्रेस की गीता बरवड़ को 86224 मत प्राप्त हुए। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के पुखराज गर्ग को 61926 मत प्राप्त हुए तथा भारतीय जनता पार्टी की कमसा मेघवाल को 49540 मत मिले। सरदारपुरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से इण्डियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रोफेसर डॉ.महेन्द्रसिंह राठौड़ को 26396 मतों से हराया। अशोक गहलोत को कुल 96859 वोट प्राप्त हुए जबकि प्रो.डॉ.महेन्द्र सिंह राठौड़ को 70463 मत मिले। शहर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अतुल भंसाली ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस मनीषा पंवार को 13525 मतों से पराजित किया। अतुल भंसाली को 71192 मत मिले तथा मनीषा पंवार को 57667 मत हासिल हुए। सूरसागर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देवेन्द्र जोशी 38759 मतों से विजयी रहे। इस विधानसभा में इण्डियन नेशनल कांग्रेस के उम्मीदवार इंजीनियर शहजाद खान को 78306 वोट मिले तथा भारतीय जनता पार्टी के देवेन्द्र जोशी को 117065 वोट मिले। इसी प्रकार लूनी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जोगाराम पटेल 24678 मतों से विजयी घोषित किए गए। जोगाराम पटेल को 123498 मत हासिल हुए तथा इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी महेन्द्र विश्नोई को 98820 वोट मिले। बिलाड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार अर्जुनलाल 10424 मतों से विजयी हुए। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अर्जुनलाल को 90766 मत प्राप्त हुए जबकि कांग्रेस के मोहनलाल कटारिया को 80342 मत मिले।

बाड़मेर जिला
बाड़मेर की सात विधानसभा सीटों में गुडामालानी,पचपदरा,चौहटन और सिवाना सीट भाजपा जीती। कांग्रेस के खाते में एक सीट बायतु की आई है। भाजपा ने जिले में चार सीटें जीती इस सीट पर भाजपा के बागी जीते।
शिव से निर्दलीय रविंद्रसिंह भाटी 3950,बाड़मेर से निर्दलीय डॉ. प्रियंका चौधरी 13337,बायतु से कांग्रेस के हरीश चौधरी 910, पचपदरा से भाजपा के अरुण चौधरी 2529,सिवाना से भाजपा के हमीर सिंह भायल 11807, गुड़ामालानी के से भाजपा के केके विश्नोई 15207  और चौहटन से भाजपा के आदूराम मेघवाल 1428 मतों से जीते हैं।

यह भी पढ़ें – जिले की 8 सीटों पर भाजपा,2 पर कांग्रेस आगे

पाली जिला
पाली जिले की 6 में से 5 सीटों पर भाजपा ने और 1 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। पाली विधानसभा में कांग्रेस के भीमराज भाटी 7888 वोटों से जीते। सुमेरपुर विधानसभा में भाजपा के जोराराम कुमावत 27417 वोटों से जीते। बाली विधानसभा से भाजपा के पुष्पेन्द्रसिंह राणावत 10493 वोटों से जीते। जैतारण विधानसभा से भाजपा के अविनाश गहलोत 13613 से जीते,सोजत विधानसभा से भाजपा की शोभा चौहान 31772 वोटों से जीती मारवड़ जंक्शन विधानसभा से भाजपा के केसाराम चौधरी 33330 से जीते।

जालोर जिला
जालोर जिले की पांच विधानसभा सीटों में से दो पर भाजपा,दो पर कांग्रेस और एक सीट पर निर्दलीय ने कब्जा जमाया है। रानीवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी रतन देवासी ने भाजपा के नारायणसिंह देवल को सबसे ज्यादा 22,362 वोटों हराया। जालोर से भाजपा प्रत्याशी जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस की रमीला मेघवाल को 19,536 मतों से हराकर जीत हासिल की। सांचौर में कांग्रेस के सुखराम विश्नोई और निर्दलीय जीवाराम चौधरी बीच रोचक मुकाबला रहा। वे राउंड दर राउंड एक-दूसरे को पीछे करते रहे लेकिन आखिर में जीवाराम चौधरी ने 4,671 वोटों से जीत हासिल कर ली। भीनमाल सीट से कांग्रेस के समरजीत सिंह ने 1027 वोटों से जीत हासिल की। इससे पहले इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी पूराराम चौधरी की मांग पर रिकाउंटिंग भी हुई। आहोर सीट पर भाजपा के छगनसिंह राजपुरोहित ने कांग्रेस की सरोज चौधरी को 11,215 मतों से हराकर जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें – जिले की 7 सीटों पर भाजपा,3 पर कांग्रेस आगे

सिरोही जिला
सिरोही जिले की तीन विधानसभा सीटों में से दो पर भाजपा और एक पर कांग्रेस काबिज हुई है। सिरोही विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी ओटाराम देवासी ने कांग्रेस प्रत्याशी संयम लोढ़ा को 35805 वोट से हराया। आबू-पिडवाड़ा सीट पर भाजपा प्रत्याशी समाराम गरासिया ने 13094 मतों से जीते हैं। रेवदर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मोतीराम कोली ने भाजपा प्रत्याशी जगसी राम कोली को 3564 वोट से हराया।

जैसलमेर जिला
जैसलमेर जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। जैसलमेर विधानसभा सीट से भाजपा के छोटू सिंह भाटी विजयी हुए हैं। भाटी ने कांग्रेस के रुपाराम धनदेव को 18 हजार 687 वोटों से हराया। छोटू सिंह को 1,04,636 वोट मिले। कांग्रेस के रुपाराम धनदेव को 85,949 वोट मिले। पोकरण विधान सभा सीट से भाजपा के महंत प्रताप पुरी ने कांग्रेस प्रत्याशी शाले मोहम्मद को 35 हजार 481 वोटों से हराया।

दूरदृष्टि न्यूज़ की एप्लीकेशन यहाँ से इनस्टॉल कीजिए – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews