25 मई से प्रारंभ होगी भोगिशैल परिक्रमा

  • जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
  • सभी विभाग समन्वय से कार्य कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करें

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),25 मई से प्रारंभ होगी भोगिशैल परिक्रमा।
आगामी 25 मई से प्रारंभ होने वाली भोगिशैल परिक्रमा को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को जोधपुर विकास प्राधिकरण के सभा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा दिशा-निर्देश दिए गए।

सफाई,पेयजल,बिजली एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग पर व्यापक स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं सुचारू चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहे।

राज्यपाल रविवार को जोधपुर आएंगे

जिला कलक्टर ने परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए टेंट व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनकी नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

सड़क मरम्मत,साइन बोर्ड्स एवं शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
बैठक में जिला कलक्टर ने परिक्रमा मार्ग की सड़कों की आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए,ताकि आवागमन सुगम रहे। उन्होंने मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड्स एवं दिशा संकेतक लगाने को कहा,जिससे श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन मिल सके।

समन्वय एवं सतत मॉनिटरिंग से ही सफल होगा आयोजन
जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से करे। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा एवं फील्ड मॉनिटरिंग के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि भोगिशैल परिक्रमा का आयोजन सुचारू एवं सफलता पूर्वक संपन्न हो सके।

इस दौरान नगर निगम आयुक्त राहुल जैन,जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।