आजादी का अमृत महोत्सव, प्रदक्षिणा का आयोजन

शेखावत ने चलाई डेविडशन

जोधपुर, शहर में आजादी के 75वें अमृत महोत्सव पर प्रदक्षिणा परिक्रमा का आयोजन 75 बाइक सवारों के साथ शुरू हो गया। सडक़ों पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज हार्ले डेविडसन बाइक चलाई। केंद्रीय मंत्री ने करीब 10 किलोमीटर तक बाइक दौड़ाई।

इस अवसर पर क्रीड़ा भारती की ओर से बाइक रैली निकाली गई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने कहा भारत प्रदक्षिणा का यह कार्यक्रम राष्ट्र्रवाद और देशभक्ति से ओत-प्रोत है। आजादी के अमृत महोत्सव में हमें नए, समर्थ और सशक्त भारत का संकल्प लेना है।

इन मार्गों से निकली बाइक रैली

बाइक रैली विश्वकर्मा स्कूल ए-सेक्टर शास्त्री नगर से आरंभ होकर दल्ले खां की चक्की, बारहवीं रोड चौराहा, पांचवीं रोड, जालोरी गेट, सोजती गेट से मेजर शैतान सिंह चौराहा पावटा, बावड़ी तक पहुंची। करीब 10 किलोमीटर बाइक चलाने के बाद केंद्रीय मंत्री शेखावत ने क्रीड़ा भारती के इस कार्यक्रम की तारीफ की।
संस्था की ओर से जोधपुर में 7 जगह बाइक रैली निकाली गई थी। उन्होंने जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह जोधा और संयोजक डॉ. कमल जांगिड़ को बधाई दी।

हम सब सौभाज्यशाली, पुरखों ने किया संघर्ष

क्रीड़ा भारती के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने कहा- हम सब लोग सौभाग्यशाली हैं, जो हमें इस देश के लिए काम करने का अवसर मिला। सनातन सभ्यता और संस्कृति को बचाने के लिए हमारे पूर्वजों ने हजार साल से भी ज्यादा समय तक संघर्ष किया। लाखों लोगों ने कुर्बानी दी। अपने बच्चों को पत्थर में चिनवा दिया। महिलाओं ने आत्मदाह कर सनातन संस्कृति और धर्म को बचाया। आजादी की लड़ाई में लाखों लोग फांसी के फंदे पर झूले।

75 साल का कालखंड बहुत छोटा

शेखावत ने कहा कि भारत की लाखों साल की सभ्यता में आजादी के 75 साल का कालखंड बहुत छोटा है। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा कहते हैं कि हम सबको इस बात का आकलन करना चाहिए कि 75 साल तक हम क्या कर सकते थे, जो हमने नहीं किया। हम क्या हासिल कर सकते थे, जो हम हासिल नहीं कर पाए। इसी की कल्पना करते हुए हमें अगले 25 साल देश के लिए समर्पित होकर काम करना है।

कार्यक्रम में यह भी थे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत ने की और विचार व्यक्त किए। जोधपुर प्रांत के अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह जोधा और संयोजक डॉ. कमल जांगिड़ कार्यक्रम पर विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त घोष, उप महापौर किशन लड्ढा, यात्रा के संयोजक वरुण धनाडिया, पुखराज जांगिड़, अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें –http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews