कथित महिला तांत्रिक पर लाखों के जेवरात और नगदी ठगने का आरोप
पीड़ित ने लगाया पत्नी को वशीभूत करने का आरोप -पारिवारिक क्लेश बढ़ा -केस दर्ज कराया
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कथित महिला तांत्रिक पर लाखों के जेवरात और नगदी ठगने का आरोप।शहर के रातानाडा एरिया में रहने वाले एक व्यक्ति की पत्नी को किसी कथित महिला तांत्रिक द्वारा लाखों की रकम ठगने का केस दर्ज हुआ है। पीडि़त का आरोप है कि उसकी पत्नी को कथित महिला तांत्रिक ने जादू टोने के नाम पर फंसाया और जेवरात नगदी ठग ली। पीडि़त ने कोर्ट में इस्तगासे के माध्यम से केस दर्ज कराया है।
आरोपी कथित महिला तांत्रिक, उसके बेटे और पति को नामजद किया गया है। इनके खिलाफ चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में भी प्रकरण दर्ज हो रखा है। आरोपी की पहले भी पुलिस में शिकायत दी गई,मगर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
रातानाडा पुलिस ने बताया कि उम्मेद हेरिटेज निवासी नगेंद्र पुरोहित पुत्र सूरज राज पुरोहित ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। वर्ष 2023 में उसकी पत्नी गांगाणा की एक महिला जोकि खुद को तांत्रिक बताती थी उसके संपर्क में आ गई। जिसके बाद उसकी पत्नी को क थित महिला तांत्रिक द्वारा घर में क्लेश दूर करने,पति से संबंध विच्छेद आदि की धमकियां देकर जादू टोना एवं तांत्रिक क्रियाएं करवाने लगी।
पीडि़त का आरोप है कि उसकी पत्नी को कथित महिला तांत्रिक ने वशीभूत कर लिया। उसके पति और पुत्र ने भी इसमें सहयोग दिया। उसकी पत्नी से घर में रखे लाखों के जेवरात और नगदी मंगवाकर ठग लिए। गहनों को तांत्रिक क्रिया द्वारा पूजन पाठ के लिए कहा गया। जो हड़प लिए गए। उसके बच्चे को भी दादा-दादी से यह कहकर दूर कर दिया गया कि उनकी छाया नहीं पड़नी चाहिए। दादा-दादी को बच्चे से दूर कर दिया गया। उसकी पत्नी खुद बीमार रहने लगी है।
उसके एक मित्र हेमंत से जानकारी मिली कि गांगाणा की इस महिला ने उसकी पत्नी को भी वशीभूत कर लाखों के जेवरात आदि हड़प लिए है। हेमंत की तरफ से चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में कथित महिला तांत्रिक,उसके बेटे और पति के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था।
पीडि़त का आरोप है कि जब उसने महिला से बात की तो उसने धमकाया कि उसकी पुलिस और राजनीतिक पहुंच है वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता है।रातानाडा पुलिस ने कथित महिला तांत्रिक,उसके बेटे और पति को नामजद कर अब केस दर्ज किया है। अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
