Doordrishti News Logo

अवैध बजरी से भरे बिना नंबर डंपर ने की पुलिस की जान लेने की कोशिश

-दो कारों ने किया एस्कॉर्ट; 4 गिरफ्तार

-हत्या के प्रयास सहित केस दर्ज

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अवैध बजरी से भरे बिना नंबर डंपर ने की पुलिस की जान लेने की कोशिश। शहर की माता का थान थाना पुलिस की नाकाबंदी के समय अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते समय एक बिना नंबर का डंपर पुलिस को कुचलने का प्रयास करते हुए फरार हो गया।

आरोप है कि डंपर को बचाने के लिए स्विफ्ट और ब्रेजा कार से पुलिस वाहन का रास्ता रोका गया। पुलिस ने इस मामले में एक कार चालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है,जबकि मुख्य आरोपी डंपर चालक और स्विफ्ट चालक की तलाश जारी है।

चोरी के संदेह में महिला के बाल काटे

पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9 बजे सारण नगर पुलिया पर नाकाबंदी के समय एक डंपर को रोका गया। बाद में डंपर चालक ने बताया कि वह डंपर को खाली करके लौट रहा है। इस पर चालक ने अपना नाम पता अयुब खान निवासी तालों की ढाणी रामदेव नगर आऊ भोजासर फलौदी होना बताया। इस बीच एक अन्य खाली डंपर वहां से आते दिखाई देने पर रूकवाया गया। इसमें सवार

चालक को पूछताछ करने पर डंपर खाली होना बताया और खुद का नाम पता गणपतराम निवासी झालामलिया पुलिस थाना भोपालगढ़ तथा डम्पर के अन्दर चालक सीट के पास बैठा व्यक्ति ने अपना नाम पता सुनिल निवासी चान्दरख खेड़ापा हाल करणी विहार नान्दड़ा खुर्द बनाड़ होना बताया। दोनों डंपर खाली मिले, लेकिन चालकों के पास वाहन के दस्तावेज नहीं थे। एमवी एक्ट के तहत चालान बनाकर दोनों डंपरों को धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया।

इसके बाद एक बिना नंबर का डंपर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से नाकाबंदी तोडक़र भाग निकला। पीछा करने पर चालक ने कथित रूप से पुलिस की सरकारी बोलेरो पर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। चालक ने डंपर से आवाज लगाकर कहा कि वाहन में बजरी भरी है और वह किसी भी हाल में नहीं रुकेगा।

व्हाट्सएप ग्रुप से लीक हो रही थी पुलिस की हर लोकेशन

स्विफ्ट और ब्रेजा से रोका पुलिस का रास्ता :-
पुलिस का आरोप है कि डंपर चालक ने मोबाइल पर फोन कर अपने साथियों को बुलाया। इसके बाद स्विफ्ट कार और बे्रजा कार ने सरकारी वाहन के आगे आकर कई बार रास्ता रोका, जिससे डंपर भाग निकला। डंपर चालक ने चलते-चलते डंपर की लिफ्ट उठाकर सडक़ पर बजरी भी बिखेर दी। घटना की सूचना खनिज विभाग को भी दी गई।
ब्रेजा चालक बोला-

रिश्तेदार ने डंपर बचाने बुलाया था :-
पुलिस ने ब्रेजा चालक महेन्द्र को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके रिश्तेदार रवि ने फोन कर कहा था कि पुलिस अवैध बजरी से भरे डंपर का पीछा कर रही है,इसलिए अपनी गाड़ी बीच में लगाकर डंपर को निकलवा दो। पुलिस ने महेन्द्र की ब्रेजा भी दस्तावेज नहीं होने पर कार जब्त कर ली।

बिना फाउंडेशन प्रार्थना सभा का टीन शेड बनाने का आरोप

थाने में हंगामा,चार गिरफ्तार :-
पुलिस ने बताया कि महेन्द्र ने मौके पर पुलिस से अभद्रता और हंगामा किया,जिस पर उसे बीएनएसएस की धारा 126/170 में गिरफ्तार किया गया। बाद में जब पहले जब्त किए गए दोनों डंपरों के चालक अयुब खान,गणपतराम और उनके साथ सुनिल थाने पहुंचे तो उन्होंने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया। समझाइश के बावजूद नहीं मानने पर तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस :-
पुलिस ने बिना नंबर डंपर चालक,स्विफ्ट चालक रवि,ब्रेजा चालक महेन्द्र और अन्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस के राजकार्य में बाधा डालने, जान से मारने के प्रयास, अवैध बजरी परिवहन और एमएमडीआर एक्ट सहित बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है। फरार बिना नंबर डंपर और उसके चालक सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।