विकसित भारत सरकार का ही सपना नहीं 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है-दिवान
बिलाड़ा में बुद्धिजीवियों का संवाद
बिलाड़ा(दूरदृष्टीन्यूज),विकसित भारत सरकार का ही सपना नहीं 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है-दिवान। विधायक जन संवाद केंद्र पर आयोजित बुद्धिजीवियों और प्रबुद्ध जन के संवाद कार्यक्रम में पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं धर्मगुरु दीवान माधोसिंह ने कहा कि विकसित भारत 2047 सरकार का सपना ही नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत को कभी सोने की चिड़िया कहा जाता था,लेकिन लंबे समय तक गरीबी और पिछड़ेपन का सामना करना पड़ा। आज “मेक इन इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” जैसे अभियानों से भारत फिर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
विधायक अर्जुनलाल गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। गांव,गरीब, किसान,युवा और महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार के लिए कई जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं,जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। देश आज आर्थिक,सामरिक व तकनीकी रूप से अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बना है।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शिक्षा,अनुसंधान, नवाचार,कौशल विकास तथा उद्यमिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाना होगा।
योग से दिया जा रहा स्वस्थ जीवन का संदेश
साहित्यकार दिनेश सिंदल ने कहा कि यह संवाद कार्यक्रम सरकार की राष्ट्रहित,विकास और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को आम जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। साथ ही प्रत्येक जन को अपने कर्तव्य की पालना करनी चाहिए।
कवि श्रवण दान शून्य ने बुद्धिजीवी वर्ग से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। शिक्षाविद सत्य नारायण गौड़ ने कहा कि शिक्षा और परीक्षाओं का प्रारूप दिन-प्रतिदिन बदल रहा है,जबकि पहले बोर्ड परीक्षा की अंक तालिका से भी डॉक्टर की शिक्षा का रास्ता खुल जाता था।
नशा मुक्ति आंदोलन से जुड़े गोपाराम ने नवयुवकों को नशाखोरी से बचाने और ड्रग माफिया पर सख्ती की मांग की। मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष मोहनलाल खदाव ने कहा कि किसानों के लिए बनी नीतियां धरातल पर उतरनी चाहिए। जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत युवा पीढ़ी है। युवाओं के विचारों और नवाचारों को राष्ट्र निर्माण में शामिल करने के लिए उन्हें मंचों पर सशक्त किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में युवा तुर्क नन्द किशोर गर्ग,जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिंह चारण,बीसीएमओ अजय चंद्रा, रेफरल चिकित्सालय प्रभारी ताराचंद रामावत,डिस्कॉम के पूर्व अधीक्षण अभियंता रुपाराम सीरवी,शिक्षाविद भंवरलाल टाक,नेशनल खिलाड़ी अंकिता चौधरी ने भी विचार रखे।
अंकिता ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने की बात कही। संचालन ओमसिंह राजपुरोहित ने किया। कार्यक्रम में व्यापार संगठन,किसान संघ एवं भाजपा के सभी पदाधिकारी मौजूद थे।
