Doordrishti News Logo

बच्ची को चाकलेट खिलाने का लालच देकर अपहरण का प्रयास

  • बच्ची हाथ छुड़ा कर भाग निकली
  • जांच में जुटी पुलिस

जोधपुर,शहर के चैनपुरा क्षेत्र से दो महिलाओं ने एक बच्ची के अपहरण का प्रयास किया। बच्ची व परिजनों का कहना है कि वह दोनों महिलाओं को गच्चा देकर भाग कर घर पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले बच्ची को साथ ले जाकर घटनास्थल की तस्दीक की। इसके बाद महिलाओं की तलाश शुरू की। शहर की कुछ कच्ची बस्तियों को भी संभाला गया लेकिन अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।

चैनपुरा निवासी मुकेश कुमार भाटी जैसलमेर में एक बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी आठ वर्षीय बेटी कविष्का ऊर्फ सेठू दोपहर तीन बजे के करीब अपने घर के बाहर खेल रही थी। इस बच्ची का कहना है कि इस दौरान काले कपड़े और काली बिंदी लगाए दो महिलाएं वहां आई। दोनों के हाथ में बोरे थे। महिलाओं ने सेठू को पहले चॉकलेट ऑफर की। उसके मना करने पर जबरन चॉकलेट देने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक महिला ने उसका हाथ पकड़ लिया। उसने मना किया और कहा कि वह अपने आप खा लेगी। इस दौरान एक अंकल वहां पहुंच गए। इस पर उन्होंने जैसे ही हाथ छोड़ा सेठू वहां से भाग निकली।

ये भी पढ़ें- Halloween : नौनिहालों को पश्चिमी सभ्यता की ओर धकेल रहें हैं भविष्य निर्माता

सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची

दूसरी तरफ भाटी का कहना है कि घटना का पता चलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। थोड़ी देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने मेरी बेटी से पूरी जानकारी ली। वे उसे घटनाक्रम वाले स्थान पर साथ लेकर गए। वहां पर उसने वही बात पुलिस के समक्ष दोहरा दी। इस पर पुलिस ने आसपास लगे कैमरों को संभालने का काम किया, लेकिन उसे कोई सुराग हाथ नहीं मिल पाया।

किसी और ने चाकलेट नहीं खाई

इस घटना से हतप्रभ भाटी रात को ही जैसलमेर से जोधपुर पहुंच गए। उनका कहना है कि हमारा पूरा परिवार सदमें में है। हम इस घटना को याद कर पूरी रात सो नहीं पाए। उनका कहना है कि बच्ची ने देखा था कि एक महिला के हाथ में थामा बोरा अंदर से हिल रहा था। उनका शक है कि बोरे में कोई बच्चा न हो। इस क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति का कहना है कि एक व्यक्ति ने चार चॉकलेट नीचे गिरा दी थी और वहां खेल रहे बच्चों से कहा कि चॉकलेट नीचे गिर गई है। जिन्हें बच्चों को उठा कर वापस देने का प्रयास किया। किसी ने वे चॉकलेट नहीं खाई।

जांच जारी,पुख्ता जानकारी जुटाई जा रही

इस बारे में पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच की जा रही है। अभी तक इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लगी है। कुछ बस्तियों में बच्ची के बताए हुलिये के आधार पर महिलाओं की तलाश जारी है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें- http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: