Doordrishti News Logo

ऑटो में सवार महिला के हाथ से बैग झपटा

बाइक सवार युवकों की कारस्तानी -हेलमेट पहने हुए थे

जोधपुर,शहर के रिक्तियां भैरूजी चौराहा के समीप ओवर ब्रिज से उतर रही एक ऑटो में सवार महिला के हाथ से दो बाइक सवार युवक बैग झपट कर ले गए। बैग में पर्स था और उसमें तीन हजार रूपए थे। महिला ने इस बारे में भगत की कोठी थाने में लूट का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस लुटेरों की पहचान के प्रयास कर रही है।

भगत की कोठी पुलिस ने बताया कि चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 9 में रहने वाली सुशीला माथुर पत्नी ओमप्रकाश माथुर 31 अगस्त को अपने भतीजे को राखी बांधने के लिए एक ऑटो से निकली थी। उसके साथ उसकी भतीजी भी थी। यह लोग ऑटो में जब वीरदुर्गादास ओवर ब्रिज से उतर कर भैरूजी सर्किल पर पहुंचे तब मजदूर यूनियन कार्यालय के पास में पीछे से एक बाइक पर दो युवक आए। ऑटो में बैठी सुशीला के हाथ पर झपटा मारकर बाइक पर सवार उसका बैग ले उड़े।

ऑटो की मदद से उन्हें पकडऩे का भी प्रयास किया गया मगर बाइक सवार तेजी से भाग निकले। बाइक के पीछे बैठे युवक ने हाथ पर झपटा मारा था। उसके हैण्डबैग में एक पर्स रखा था जिसमें 3 हजार रूपए और जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने इस बारे में अब आस पास सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए है। युवक हेलमेट पहने हुए थे।

घर के बाहर से कार चोरी

हाईकोर्ट कॉलोनी रातानाडा स्थित भगवती कॉलोनी सेक्टर बी में रहने वाले वीरेंद्र माथुर पुत्र बद्रीनारायण माथुर ने रातानाडा थाने में रिपोर्ट दी कि गुजरी रात के समय अज्ञात चोर घर के बाहर खड़ी उसकी कार को चुरा ले गए। पुलिस कार का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दो दिन पहले ही कुड़ी क्षेत्र जनता कॉलोनी से भी एक इको कार चोरी हुई थी।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें-http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews