Doordrishti News Logo

जोधपुर, जिले के ओसियां तहसील के पड़ासला गांव में दस वर्षीय बालिका अपने मासूम भाई को बचाने के लिए जंगली सूअर से भिड़ गई।

जंगली सूअर ने खेत में मकान के बाहर खेल रहे उसके डेढ़ वर्ष के भाई पर हमला कर दिया था। उसकी आवाज सुन वहां पहुंची बहन अपने भाई को बचाने के लिए सूअर से जा भिड़ी। इस पर सूअर ने भाई को छोड़ बहन पर हमला बोल दिया। उसके चिल्लाने पर अन्य लोग पहुंचे तब तक सूअर भाग निकला। बाद में ग्रामीणों ने तलाश कर सूअर को मार दिया।

दोनों घायल बच्चों का जोधपुर मे इलाज चल रहा है। खेत के मालिक गणेश ने बताया कि पड़ासला स्थित उसके खेत पर भंवरू व उसकी पत्नी संतोष काम करते हैं। उनका बीस माह का पुत्र घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान एक जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। बालक के चिल्लाने पर उसकी दस वर्षीय बहन संगीता भाग कर आई और सूअर से भिड़ गई। भाई को बचाने के प्रयास में जुटी संगीता पर सूअर ने हमला बोल दिया और उसे लहूलुहान कर दिया। इस बीच संगीता के चिल्लाने पर परिवार के अन्य सदस्य बाहर निकले और दोनों बहन-भाई को सूअर के चंगुल से मुक्त कराया। बाद में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने सूअर की खोजबीन की। निकट ही झाडिय़ों में दुबका सूअर नजर आ गया। ग्रामीणों ने उसे घेरकर वहीं मार दिया। बाद में दोनों भाई-बहन को इलाज के लिए जोधपुर लाया गया। महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती दोनों बहन भाई को सूअर ने काफी स्थान से नोच दिया। उनके शरीर पर बड़े-बड़े घाव बने हुए है।

Related posts: