Doordrishti News Logo

भगत की कोठी-पाली वाटर ट्रेन के 100 फेरे पूरे

अब तक 22 करोड़ लीटर पानी की सप्लाई

जोधपुर, पाली में पेयजल संकट की स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार के प्रस्ताव पर रेलवे द्वारा संचालित भगत की कोठी-पाली मारवाड़ वाटर स्पेशल ट्रेन अपने सौवें फेरे के लिए शुक्रवार को भगत की कोठी से रवाना हुई। प्यासे पाली की हलक तर करने के महत्वी उद्देश्य से वाटर ट्रेन के जरिए अब तक 22 करोड़ लीटर पानी का लदान किया जा चुका है।

मंडल रेल प्रबंधक गीतिका पांडे ने वाटर ट्रेन के 100 वें फेरे को गौरवशाली बताते हुए कहा कि पाली जिले में पेयजल संकट की त्रासदी का सामना करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल से रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव के कुशल नेतृत्व में भगत की कोठी से पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन तक 17 अप्रैल से वाटर ट्रेन का संचालन प्रारंभ किया गया था जिसके तहत ट्रेन के प्रत्येक फेरे से पाली को 21 लाख 72 हजार लीटर पानी उपलब्ध हुआ जिससे आमजन को राहत मिली।

डीआरएम ने बताया कि 24 अप्रैल को जोधपुर मंडल को वाटर ट्रेन का एक और रैक उपलब्ध हुआ तब से दो ट्रेनों के माध्यम से दिन-रात पानी का लदान किया गया। उन्होंने बताया कि मारवाड़ में अक्सर पेयजल संकट की गंभीर स्थिति रहती है ऐसे में ट्रेन के जरिए पाली तक पानी की सप्लाई महत्वपूर्ण कदम है।

फेरों की गणित

प्रत्येक ट्रेन में कुल वैगन-चालीस

वैगन की भराव क्षमता-54 हजार 300 लीटर

40 वैगन में कुल भराव-21 लाख 72 हजार लीटर

27 मई तक फेरों की संख्या-100

अब तक पेयजल की सप्लाई-21 करोड़ 70 लाख लीटर

एक फेरे से रेलवे का राजस्व-03 लाख 27 हजार रुपए

100 फेरों से अब तक प्राप्त राजस्व- 3 करोड़ 26 लाख 58 हजार 300 रूपए

आगे क्या

पाली जिला प्रशासन की मांग के अनुरूप भगत की कोठी से पाली मारवाड़ तक वाटर स्पेशल ट्रेन का संचालन जारी रहेगा।

इनका कहना है

पेयजल संकट से जूझ रहे पाली में लोगों तक पीने का पानी पहुंचाने के लिए रेलवे संकल्प और प्रतिबद्ध है तथा राज्य सरकार जब तक इस व्यवस्था को सुचारू रखना चाहे रेलवे हर संभव सहयोग करने को तत्पर है।

गीतिका पांडेय
डीआरएम जोधपुर

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: