अरबन हाट दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार में जादूगर गोपाल दिखाएंगे जादुई करतब
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अरबन हाट दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार में जादूगर गोपाल दिखाएंगे जादुई करतब। शहर के अरबन हाट में दीपावली के अवसर पर आयोजित ‘दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार’ और पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक जिला एक उत्पाद’ प्रदर्शनी शहरवासियों और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इस प्रदर्शनी में देशभर के पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला सजाई गई है।
शरद पूर्णिमा पर आज चन्द्रमा बरसेगा अमृत
आगंतुकों के मनोरंजन के लिए 25 अक्टूबर को शाम 7 बजे अंतरराष्ट्रीय जादूगर गोपाल अपने जादुई करतब दिखाएंगे। संयुक्त आयुक्त (उद्योग एवं वाणिज्य) एवं महाप्रबंधक पूजा मेहरा ने बताया कि जिला प्रशासन,जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र तथा उद्यम प्रोत्साहन संस्थान, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में रैम्प कार्यक्रम के तहत इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को विपणन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना,पारंपरिक शिल्प को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि जोधपुर का लकड़ी के हस्तशिल्प एवं फर्नीचर उद्योग देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां के कारीगर पारंपरिक कला,उत्कृष्ट नक्काशी,बारीक कारीगरी और आकर्षक डिजाइन के माध्यम से भारतीय हस्त शिल्प को वैश्विक स्तर पर पहचान दिला रहे हैं।
प्रदर्शनी में हस्तशिल्पियों, बुनकरों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय का अवसर मिल रहा है। अरबन हाट के समन्वयक गणेश सागर ने बताया कि अरबन हाट में सजी विभिन्न स्टॉलों पर देश के अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक कलाओं और हस्तनिर्मित उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है।
इनमें लकड़ी के फर्नीचर एवं हस्तशिल्प,धातु के उत्पाद,लाख की चूडिय़ां,कोटा डोरिया के परिधान, भदोही के कालीन,बनारस की रेशमी साडिय़ां, बिहार की मधुबनी चित्रकला,पश्चिम बंगाल के आभूषण,बंधेज,आरी-तारी के उत्पाद,जूट के थैले,मिट्टी के बर्तन,चित्रकारी और वस्त्र प्रमुख हैं।
