पर्यटकों की कार पर सच्चियाय माता मंदिर के पास हमला, लूटने का प्रयास
महाराष्ट्र के थे पर्यटक
जोधपुर, निकटतर्वी ओसिंया तहसील के सच्चियाय माता मंदिर के दर्शन कर होटल से खाना खाकर निकले महाराष्ट्र के पर्यटक परिवार पर मंगलवार की रात को लूट के इरादे से हमला किया गया। सबसे बड़ी बात है कि पुलिस की भी इसमें बेरूखी नजर आई। सरपंच की मदद से पुलिस में मामला दर्ज कराया जा सका। बताया गया कि बदमाशों ने कार को टक्कर मार, वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, सरपंच और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। महाराष्ट्र्र के कोल्हापुर से एक परिवार मंगलवार को सच्चियाय माता के दर्शन करने आया था। देर रात वह आस-पास घूमने चले गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक महिला कार ड्राइव कर रही थी। ओसियां में एंट्री से पहले ही पिकअप में सवार बदमाशों ने कार रोकने का प्रयास किया। उन्होंने जैसे ही कार रोकी बदमाशों ने सरिया से कार पर हमला कर दिया। यह देख परिवार घबरा गया और वहां से स्पीड में गाड़ी दौड़ाई।
बदमाश उनका पीछा करते रहे। बचने के लिए उन्होंने गाड़ी ओसियां की तरफ मोड़ ली। उन्हें लगा कि बदमाश भाग गए है। कुछ देर में वे दोबारा पीछा करते हुए दिखे। इस पर कार में सवार लोगों ने होटल की तरफ कार को लेकर आए। सडक़ किनारे कार छोड़ होटल में घुस गए। इसके बाद भी बदमाश अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। उन्होंने कार को दो बार टक्कर मारी और फरार हो गए।
गाड़ी में बिखरे कांच
कोल्हापुर से आए परिवार ने बताया कि गाड़ी में करीब 5 से 7 बदमाश सवार थे। उन्होंने कांच तोड़ डराने की कोशिश की लेकिन जैसे-तैसे वहां से जान बचाकर भागे। इस घटना की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। लूट के प्रयास की जानकारी मिलते ही सरपंच संतोष कंवर भाटी, पंचायत समिति सदस्य ओम सिंह भाटी सहित मंदिर के पुजारी विक्रम शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पर्यटकों से बात कर उन्हें पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews
