Doordrishti News Logo

लुटेरे ने मंडोर से बाइक चुराकर बाद में दिया वारदात को अंजाम

  • सास बहू से लूट का प्रकरण
  • शहर से बाहर भागने के आसार
  • पुलिस की टीमें सरगर्मी से कर रही तलाश

जोधपुर, शहर के पाल लिंक रोड शास्त्रीनगर थाने के सामने हुई सास बहू से लूट के मामले में पुलिस लुटेरे की सरगर्मी से तलाश कर रही है। लूट के लिए प्रयुक्त बाइक को उसी दिन मंडोर इलाके से चुराना सामने आया है। लुटेरे के शहर से बाहर भागने के आसार बने है। पुलिस की टीमें अलग- अलग इलाकों में जाकर उसकी तलाश में लगी है। मगर फिलहाल उसका ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। लुटेरा ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला हो सकता है। उल्लेखनीय है कि शहर के पाल लिंक रोड पर मंगलवार को एक्टिवा सवार सास-बहू के साथ लूट हो गई थी। बाइक पर आए एक बदमाश ने सोने की चेन और मोपेड के आगे टंगे पर्स को झपट लिया। इस बीच एक्टिवा वाहन अनियंत्रित होकर स्लिप हो गया और उस पर सवार सास, बहू व पौता घायल हो गए। बुरी तरह जख्मी हुए सास बहू व पौते का अस्पताल में उपचार कराए जाने के साथ मामला दर्ज किया गया।

बाइक सवार लुटेरे की पहचान के साथ आस पास सीसीटीवी फुटेज से पुलिस अब बदमाश की सरगर्मी से तलाश में लगी है। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 17 निवासी 62 वर्षीय ऊषा पटवा पत्नी गोरधनमल अपनी बहू दीपिका व 12 वर्षीय पोते पार्थ के साथ एक्टिवा पर सवार होकर शास्त्रीनगर क्षेत्र में रहने वाले एक डॉक्टर के घर दिखाने जा रहे थे। इस बीच जब वे पाल लिंक रोड पहुंचे तो एक बाइक पर सवार होकर आए युवक ने सोने की चैन झपट्टा मारकर छीन ली जिस पर एक्टिवा चला रही दीपिका ने संंघर्ष भी किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर स्लिप हो गया और बाइक सवार लुटेरा मौके का फायदा उठाते हुए पर्स भी लेकर फरार हो गया। एक्टिवा से नीचे गिरने पर 62 वर्षीय वृद्धा ऊषा पटवा, उनकी बहू दीपिका और पोता पार्थ घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए एमडीएम अस्पताल ले जाया गया।

हाथ में हुआ फ्रेक्चर

लूट की शिकार वृद्धा ऊषा पटवा के पुत्र अर्पित पटवा ने बताया कि लूट के दौरान एक्टिवा स्लिप होने से उनकी माता का हाथ फ्रेक्चर हो गया और सिर पर भी टांके लगे हैं। उनकी भाभी दीपिका के चेहरे पर भी चोटें लगी हैं। साथ ही उनका 12 वर्षीय भतीजा पार्थ के भी चेहरे व आंख के पास चोटें आईं। लूटे गए पर्स में 15 हजार रूपए, दो मोबाइल फोन व पैन कार्ड आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज थे।

महिलाएं पर्स और चेन को रखे संभाल कर

शहर में लुटेरों का आतंक बना है। वैसे भी अभी त्योहारी सीजन चल रहा है। अपणायत के इस शहर की महिलाओं को खुद ही अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्स चेन आदि को संभाल कर रखना चाहिए ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। गाडिय़ों पर पर्स , बैग आदि लटकाते समय आस पास निकलने वाले पर सजगता से नजर भी बनाए रखें।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें –http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews 

Related posts: