Doordrishti News Logo

भावी ग्राम पंचायत में जीती पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष की मां

  • 1755 मतों से जीतकर सरपंच पद पर किया कब्जा
  • पाली सांसद समर्थक उम्मीदवार पराजित

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भावी ग्राम पंचायत में जीती पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष की मां। जिले के बिलाड़ा पंचायत समिति की भावी ग्राम पंचायत के सरपंच पद पर सोवनी देवी 1755 मतों से निर्वाचित हुई हैं। वे जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सुनील चौधरी की मां हैं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी ममता को हराया है।

भावी गांव पाली से भाजपा सांसद पीपी चौधरी का गांव है। सरपंच के चुनाव को लेकर उन्होंने पूरा प्रयास किया था कि उनका प्रतिनिधि चुनाव जीते,लेकिन यहां हुए घटनाक्रम के बाद ऐसा नहीं हुआ। सांसद समर्थक उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।

जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि इस परिणाम के साथ ही जिले में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब 20 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद चुनाव की मतगणना होगी। इधर भावी में घोषित परिणामों के बाद सोवनी देवी के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।

उल्लेखनीय है कि गत 28 अक्टूबर को यहां मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र से 150 मतपत्र चोरी हो जाने को लेकर कानून व्यवस्था बिगड़ गई थी। जिसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान का निर्णय लिया था। इसके चलते इस गांव के चुनाव परिणाम पर सबकी नजरें थीं। रविवार को हुए मतदान में 76.44 प्रतिशत मतदान हुआ था।

बजरी के अवैध खनन परिवहन में शामिल लोगों की होगी पहचान

आधी रात के बाद तक चली मतगणना में सोवनी देवी को निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचित घोषित किया। इससे पहले मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव भी बिलाड़ा और भावी में मौजूद रहे।

मतपत्र चोरी के बाद दो मामले दर्ज
28 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान 12 नंबर मतदान केंद्र से 150 बैलेट पेपर चोरी कर लिए गए थे। इसको लेकर थाने में मामला दर्ज हुआ। 149 मतपत्र वापस मिले,जिन पर सोवनी देवी के नाम के आगे मुहर लगी थी। जिसमें सुनील चौधरी सहित अन्य को आरोपी बनाया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने 2 नवंबर को पुनर्मतदान का आदेश दिया था लेकिन 31 अक्टूबर की रात को बिलाड़ा थाने पर पथराव और लाठीचार्ज से हालत बिगड़ गए। इसके बाद अंतिम चरण में पुनर्मतदान करवाया गया।