Doordrishti News Logo

चोपड़ के खनन एरिया में सूने स्थान से पकड़ा गया 12 हजार का इनामी

  • तीन जिलों की पुलिस कर रही थी तलाश
  • पाली,सिरोही और फलोदी में डोडा-पोस्त तस्करी के तीन मामले दर्ज

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),चोपड़ के खनन एरिया में सूने स्थान से पकड़ा गया 12 हजार का इनामी। मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में चार साल से अधिक समय से फरार चल रहे 12 हजार रुपए के इनामी तस्कर को जोधपुर पश्चिम की जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने गिरफ्तार किया है।

आरोपी की तलाश राजस्थान के तीन जिलों की पुलिस कर रही थी। डीएसटी ने उसे सूरसागर के चौपड़ क्षेत्र में सूनसान खनन इलाके से दस्तयाब किया। आरोपी की गिरफ्तारी पर फलोदी पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार और सिरोही पुलिस अधीक्षक की ओर से 2 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार आरोपी विक्रम विश्नोई (29) पुत्र घेवरराम निवासी सालोड़ी,राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र जोधपुर पश्चिम वर्ष 2022 से मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ सिरोही जिले के पिंडवाड़ा,पाली जिले के गुड़ा एंदला और फलोदी जिले के भोजासर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। इन मामलों में कुल 411 किलो से अधिक डोडा-पोस्त की तस्करी में उसकी संलिप्तता सामने आई थी।

25.970 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस से बचने के लिए घर छोड़ा 
पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने घर पर रहना छोड़ दिया था और अलग-अलग जगहों पर छिपकर फरारी काट रहा था। डीएसटी टीम पिछले काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी। पिछले दिनों टीम के कांस्टेबल हनुमानराम को सूचना मिली कि आरोपी केरू और सूरसागर के खनन क्षेत्र में रह रहा है। इस पर निगरानी शुरू की गई। 13 नवंबर की शाम को वह सूरसागर के चोपड़ क्षेत्र में दिखाई दिया।
कांस्टेबल हनुमानराम ने लगातार निगरानी रखते हुए टीम प्रभारी महादेव प्रसाद को सूचना दी। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे सुनसान खनन क्षेत्र से पकड़ लिया।

तीन जिलों में दर्ज हैं मामले 
आरोपी के खिलाफ पिंडवाड़ा थाने में 17 सितंबर 2022 को 207 किलो डोडा-पोस्त की तस्करी,गुड़ा एंदला थाने में 20 जून 2022 को 184 किलो डोडा-पोस्त की तस्करी और भोजासर थाने में 16 मार्च 2023 को 20 किलो से अधिक डोडा-पोस्त की तस्करी का मामला दर्ज है। डीएसटी टीम ने आरोपी की दस्तयाबी के बाद संबंधित तीनों थानों के अधिकारियों को सूचना दी है, ताकि उसे अनुसंधान के लिए ले जाया जा सके।

इनके सुपरविजन में हुई कार्रवाई 
कार्रवाई पुलिस आयुक्त अंशुमान सिंह भोमिया के निर्देशन और डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत के सुपरविजन में की गई। इसमें डीएसटी प्रभारी महादेव प्रसाद,कांस्टेबल हनुमानराम सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल थे।