Doordrishti News Logo

पंचायत चुनाव से पहले चार संदिग्ध बोलेरो कैंपर सीज

  • पुलिस ने गांवों में किया फ्लैग मार्च
  • रात्रि गश्त के दौरान बाहरी जिलों के वाहनों की जांच

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पंचायत चुनाव से पहले चार संदिग्ध बोलेरो कैंपर सीज। पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न करवाने के उद्देश्य से आसोप पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला।

रात्रि गश्त के दौरान पालड़ी राणावता क्षेत्र में बाहरी जिलों की चार संदिग्ध बोलेरो कैंपर गाडय़िों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश्वर मेघवाल एवं वृत्ताधिकारी गुलाबा राम मेघवाल के निर्देशन में थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसोप कस्बे सहित रजलानी,बारनी खुर्द,रामनगर,छापला, गजसिंहपुरा और पालड़ी राणावता सहित विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकाला।

श्रीगंगानगर के फरार इनामी तस्कर को जोधपुर में पकड़ा

इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का संदेश दिया। रात्रि गश्त के दौरान थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार मय पुलिस जाब्ता तथा मोबाइल पार्टी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुभागाराम की टीम ने पालड़ी राणावता क्षेत्र में चार बोलेरो कैंपर गाडय़िों को रुकवाकर जांच की।

पुलिस के अनुसार, वाहनों के आगे लोहे के बंपर लगे हुए थे। चालकों से पूछताछ में उनके फलोदी एवं नागौर जिले के होने की जानकारी सामने आई। जांच के दौरान वाहन चालकों के पास आवश्यक वाहन दस्तावेज नहीं पाए गए। चुनाव के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने और दस्तावेजों के अभाव को देखते हुए पुलिस ने चारों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।