अपराध नियंत्रण को लेकर डीसीपी पश्चिम ने ली अपराध गोष्ठी

लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अपराध नियंत्रण को लेकर डीसीपी पश्चिम ने ली अपराध गोष्ठी। पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत ने जिला पश्चिम के अधिकारियों की अपराध गोष्ठी लेकर अपराध एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में थाना क्षेत्रवार अपराध, लंबित अनुसंधान,गंभीर एवं संपत्ति संबंधी अपराध,महिला एवं बाल अपराध तथा निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा की गई।

डीसीपी ने 60 एवं 90 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। गंभीर एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की धरपकड़, चोरी की संपत्ति की बरामदगी और प्रभावी अनुसंधान पर जोर दिया गया। अपराध रोकथाम के लिए गश्त एवं आसूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

लूणी पुलिस ने अवैध बजरी से भरे तीन डम्पर पकड़े चालक गिरफ्तार

एनडीपीएस,शस्त्र, आबकारी एवं जुआ अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई के साथ फरार व स्थायी वारंटियों, हार्डकोर अपराधियों एवं सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल अपराधों में संवेदन शीलता के साथ त्वरित और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने को कहा गया।

बैठक में एफएसएल, ई-साक्ष्य,ई-समन, ई-वारंट, सीसीटीएनएस, ई-बीट प्रणाली और कम्युनिटी पुलिसिंग की भी समीक्षा की गई। डीसीपी ने आमजन की सुरक्षा, त्वरित पुलिस कार्रवाई और लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।