प्रधानमंत्री मोदी ने 51 हजार युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
जयपुर में 140 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
जयपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रधानमंत्री मोदी ने 51 हजार युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रोजगार मेले के तहत देशभर के 51 हजार से अधिक नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
जयपुर में कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क की प्रधान आयुक्त अमिता सिंह ने की।
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप ऐसे समय में सरकार से जुड़ रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इसमें युवाओं की बड़ी भूमिका है। हमारा मंत्र होना चाहिए- नागरिक देवो भव। नागरिक की सेवा ही राष्ट्र की सेवा है।
धारदार हथियार के साथ युवक गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए हर निर्णय विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को सशक्त करने वाला होना चाहिए। जयपुर के कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय विभागों के 140 अभ्यर्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से और 138 अभ्यर्थियों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। इस दौरान सीजीएसटी व अन्य केंद्रीय विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
