आदर्श मतदान केन्द्रों पर उत्सव सा माहौल
- मतदाताओं में दिखा अभूतपूर्व उत्साह
- जिला निर्वाचन कार्यालय की अभिनव पहल
- मिला व्यापक समर्थन
- सजावट,सेल्फी प्वाइंट एवं मतदाता सुविधाओं ने बढ़ाया आकर्षण
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आदर्श मतदान केन्द्रों पर उत्सव सा माहौल।आदर्श मतदान केन्द्रों पर उत्सव सा माहौल। नगर निगम जोधपुर आम चुनाव- 2026 के तहत मतदान के दौरान जिले में स्थापित आदर्श एवं अति उत्कृष्ट मतदान केन्द्र मतदाताओं के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बने।
जिला निर्वाचन कार्यालय की पहल पर मतदान केन्द्रों को मतदाता- अनुकूल एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किए जाने से यहां पहुंचने वाले मतदाताओं में उत्साह देखते ही बना। मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं की गई विशेष सजावट को मतदाताओं ने सराहा तथा निर्वाचन कार्यालय के इस नवाचार की प्रशंसा की।
मतदाता परिसर में प्रवेश करते ही उत्सव जैसा अनुभव
आदर्श मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के स्वागत एवं सहज मतदान अनुभव के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मतदान परिसर में प्रवेश करते ही लाल कारपेट, आकर्षक सजावट, पोस्टर एवं बैनर से सजी दीवारें तथा विशेष रूप से तैयार किए गए सेल्फी प्वाइंट मतदाताओं के आकर्षण का केन्द्र रहे। इन व्यवस्थाओं ने मतदान केन्द्रों को पारंपरिक स्वरूप से अलग एक सकारात्मक एवं उत्सवी वातावरण प्रदान किया। अनेक मतदाताओं ने इन सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे मतदान के प्रति जागरूकता एवं उत्साह बढ़ाने वाली पहल बताया।
चार अति उत्कृष्ट एवं छह आदर्श मतदान केन्द्रों पर विशेष व्यवस्थाएं
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जिले में चार अति उत्कृष्ट मतदान केन्द्र तथा छह अन्य आदर्श मतदान केन्द्र स्थापित किए गए। इन केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुगम मतदान प्रक्रिया तथा सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वीप प्रकोष्ठ के प्रभारी आशीष कुमार मिश्रा एवं संबंधित कार्मिकों द्वारा विभिन्न मतदान केन्द्रों पर सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराते हुए आदर्श मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।
मतदाता सुविधाओं के साथ स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी
आदर्श मतदान केन्द्रों पर आवश्यक मतदाता सुविधाओं के साथ-साथ वातावरण को आकर्षक एवं सहज बनाने के लिए स्काउट-गाइड एवं विद्यालयों के स्वयंसेवकों ने भी सराहनीय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों द्वारा मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा मतदान केन्द्र की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन में सक्रिय सहभागिता निभाई गई।
विभिन्न केन्द्रों पर उत्कृष्ट व्यवस्थाएं
आदर्श मतदान केन्द्रों के रूप में विकसित किसान कन्या,शिप हाउस,सेंट्रल एकेडमी,कुड़ी भगतासनी एवं राजमहल बालिका, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित अणदाराम स्कूल सहित विभिन्न मतदान केन्द्रों पर विशेष व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। इन केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए सुविधाजनक वातावरण, आकर्षक सजावट तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित समन्वय सुनिश्चित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्र का किया अवलोकन
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने मतदान दिवस के दौरान नायक की बगीची स्थित मतदान केन्द्र का अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया,मतदाता सुविधाओं व व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित थे तथा मतदान केन्द्र पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित बूथ लेवल अधिकारी व सुपरवाइजर थे मुस्तैद
मतदान दिवस के दौरान मतदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सतर्क एवं सक्रिय रहीं तथा आवश्यकता अनुसार अपनी सेवाएं प्रदान करती रहीं। बूथ लेवल अधिकारी एवं सुपरवाइजर मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने में जुटे रहे।
जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग के विभिन्न प्रकोष्ठों, अधिकारियों,कार्मिकों, स्वयंसेवकों तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से संचालित किया गया। आदर्श मतदान केन्द्रों की पहल ने न केवल मतदान केन्द्रों को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया,बल्कि मतदाताओं के लिए सहज, सुविधा जनक एवं सकारात्मक मतदान अनुभव सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
