सेवारत व पूर्व सैनिकों का कल्याण 12 कोर की सर्वोच्च प्राथमिकता- मेजर जनरल केडी जसपाल

12 कोर के चीफ ऑफ स्टाफ ने सैनिक कल्याण कार्यालय एवं सैनिक विश्राम गृह जोधपुर का दौरा किया

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सेवारत व पूर्व सैनिकों का कल्याण 12 कोर की सर्वोच्च प्राथमिकता- मेजर जनरल केडी जसपाल। मुख्यालय 12 कोर के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल केडी जसपाल ने शुक्रवार को सैनिक कल्याण कार्यालय एवं सैनिक विश्राम गृह, जोधपुर का दौरा कर सेवारत एवं पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जयदेव सिंह राठौड़ ने मेजर जनरल जसपाल को सैनिक कल्याण विभाग की कार्यप्रणाली तथा जोधपुर जिले में पूर्व सैनिकों,वीर नारियों, आश्रितों एवं सेवारत सैनिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य की प्रमुख योजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया।

बैठक के दौरान नव स्वीकृत इंटीग्रेटेड वेटरन्स कॉम्प्लेक्स के विकास तथा झालामंड में प्रस्तावित स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना में सेना की ओर से आवश्यक सहयोग एवं हैंड-होल्डिंग के विषय पर विशेष रूप से चर्चा हुई। स्किल डेवलपमेंट सेंटर का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को कौशल विकास,पुनर्वास, रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।

तंवर्स लीगल कंपास पुस्तक पर व्याख्यानमाला आयोजित

मेजर जनरल केडी जसपाल ने सैनिक कल्याण कार्यालय एवं सैनिक विश्राम गृह द्वारा पूर्व सैनिक समुदाय के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा मुख्यालय 12 कोर की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि सैनिकों की सेवा के दौरान ही नहीं,बल्कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी उनका कल्याण,सम्मान और पुनर्वास मुख्यालय 12 कोर की प्राथमिकताओं में सदैव रहेगा।

दौरे से सेना एवं सैनिक कल्याण विभाग के बीच समन्वय को और मजबूती मिलने तथा पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए कल्याणकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल को बल मिला।