Doordrishti News Logo

सरकारी स्कूल में घटिया मिड डे मील का वीडियो वायरल

मीडिया एंट्री बैन के आदेश के बीच शिक्षा विभाग की पोल खुली

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सरकारी स्कूल में घटिया मिड डे मील का वीडियो वायरल। जोधपुर जिले से सरकारी स्कूलों में दी जाने वाली मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के शिकारगढ़ क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में बच्चों को दिए जा रहे मिड डे मील का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सरकारी स्कूल में बच्चियों से धुलवाए बर्तन पोंछा लगवाया

इस वीडियो में बच्चों के भोजन और उसकी सप्लाई के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र के ही एक जागरूक नागरिक ने जब स्कूल परिसर में खाना सप्लाई के दौरान यह वीडियो बनाया,तो प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खुल गई। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

यह घटना शिक्षा विभाग के उस विवादित फैसले के ठीक बाद सामने आई है, जिसमें सरकारी स्कूलों में मीडिया की एंट्री पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए थे। शिक्षा विभाग के मीडिया बैन वाले आदेश के बाद से ही लगातार यह चर्चा थी कि आखिर स्कूलों में ऐसी कौन सी खामियां छिपाई जा रही हैं। अब शिकारगढ़ का यह वीडियो वायरल होने के बाद विभाग का फैसला सवालों के घेरे में आ गया है।

लोग आरोप लगा रहे हैं कि प्रशासनिक कमियों और मिड डे मील में हो रही भारी गड़बडिय़ों को छिपाने के लिए ही मीडिया की पहुंच पर पाबंदी लगाई गई थी। यदि जागरूक नागरिक यह वीडियो न बनाता, तो बच्चों की सेहत से खिलवाड़ का यह मामला कभी सामने ही नहीं आ पाता।