टिकट जांच में लक्ष्य से 26.65 प्रतिशत ज्यादा वसूली,16 हजार मामले पकड़े
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),टिकट जांच में लक्ष्य से 26.65 प्रतिशत ज्यादा वसूली,16 हजार मामले पकड़े। बिना टिकट यात्रा करने वालों पर रेलवे की सख्ती का असर अब राजस्व पर भी दिखने लगा है। जोधपुर मंडल ने जुलाई में टिकट जांच से 1.20 करोड़ रुपए की वसूली कर लक्ष्य को 26.65 फीसदी पीछे छोड़ दिया। करीब 95.16 लाख रुपए के तय लक्ष्य के मुकाबले 1.20 करोड़ 51 हजार 674 रुपए की वसूली हुई।
मौसम हुआ साफ बारिश का कोई अलर्ट नहीं तापमान बढ़ा
यानी लक्ष्य से 25.35 लाख रुपए अधिक राजस्व जुटाया गया। जांच अभियान में 16 हजार बेटिकट, अनियमित यात्रा और बिना बुक सामान के मामले पकड़े गए।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार जुलाई में सभी प्रमुख रेलखंडों और ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा के मामलों में 36 लाख 2 हजार 253 रुपए किराया और 84 लाख 47 हजार 686 रुपए जुर्माना वसूला गया। बिना बुक सामान के 3 मामलों में भी 1,735 रुपए की वसूली हुई।
जोधपुर मंडल पर ट्रेनों और रेलवे परिसरों में नियम तोडऩे वालों पर भी कार्रवाई हुई। जुलाई में धूम्रपान के 86 मामलों में 1.72 लाख रुपए और गंदगी फैलाने के 37 मामलों में 1.73 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया।
पहले 250,अब न्यूनतम 500 रुपए जुर्माना:-
संशोधित जन विश्वास अधिनियम के तहत अब बिना टिकट यात्रा पर न्यूनतम पांच सौ रुपए जुर्माना है। पहले यह ढाई सौ रुपए था। ऐसे में बिना टिकट यात्रा अब पहले से ज्यादा महंगी पड़ेगी। रेलवे ने यात्रियों से सफर से पहले वैध टिकट लेने की अपील की है।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेनों और स्टेशनों पर टिकट जांच को और प्रभावी बनाया गया है। मंडल के सभी रेलखंडों में जांच दल लगातार सक्रिय हैं और समय-समय पर औचक जांच कर बेटिकट यात्रियों की धरपकड़ की जा रही है।
