स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के पांच स्टेशनों पर चार दिन पार्सल बुकिंग बंद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के पांच स्टेशनों पर चार दिन पार्सल बुकिंग बंद। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के पांच प्रमुख स्टेशनों पर 12 से 15 अगस्त तक पार्सल बुकिंग और हैंडलिंग पर रोक लगा दी है। उत्तर रेलवे के निर्देश पर उत्तर पश्चिम रेलवे ने सभी संबंधित मंडलों को इसकी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अफीम का दूध और डोडा-पोस्त जब्त तस्कर गिरफ्तार
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन,हजरत निजामुद्दीन,आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर इस अवधि में लीज पर संचालित एसएलआर, वीपी और डिमांड वीपी सहित सभी प्रकार के आवक-जावक पार्सल यातायात पर प्रतिबंध रहेगा। पार्सल गोदाम और प्लेटफॉर्म को पार्सल पैकेज व पैकिंग सामग्री से मुक्त रखा जाएगा। इस अवधि में यात्रियों को केवल यात्री कोच में निजी सामान ले जाने की अनुमति होगी।
पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग निर्धारित वाणिज्यिक औपचारिकताओं और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के बाद ही की जा सकेगी। प्रतिबंध दिल्ली क्षेत्र से चलने वाली ट्रेनों के साथ-साथ अन्य जोन व मंडलों से आने वाली उन ट्रेनों पर भी लागू होगा, जो इन स्टेशनों पर पार्सल की लोडिंग या अनलोडिंग के लिए रुकती हैं।
