हर घर तिरंगा अभियान से प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रीय एकता और देश प्रेम की भावना हो रही प्रगाढ़-पटेल
- युवाओं एवं आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का किया आह्वान
- संसदीय कार्य मंत्री ने जिला स्तरीय प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),हर घर तिरंगा अभियान से प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रीय एकता और देश प्रेम की भावना हो रही प्रगाढ़- पटेल। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को केवल तिरंगा फहराने तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जन- जागरूकता अभियान का स्वरूप दिया जाए।
दंपती पर 14 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़कर राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने में अपनी भूमिका निभाए।पटेल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रीय एकता और देश प्रेम की भावना अधिक प्रगाढ़ हो रही हैं। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
विधि मंत्री ने कहा कि आज हम जिस आजाद भारत में सांस ले रहे हैं और हमें जो संवैधानिक अधिकार व स्वतंत्रताएं मिली हैं,वह अनगिनत राष्ट्रभक्तों और कई पीढ़ियों के त्याग व बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा यह दिन उन सभी वीर सपूतों को नमन करने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का है।
प्रभात फेरी में दिलाई राष्ट्रभक्ति की शपथ
जिला स्तरीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित प्रभात फेरी के अवसर पर विधि मंत्री पटेल ने उपस्थित जन प्रतिनिधियों,अधिकारियों, कार्मिकों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं देश की एकता- अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात उन्होंने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को जिला कलक्टर कार्यालय से रवाना किया।
तिरंगा हाथ में लेकर निकली प्रभात फेरी,गूंजे देशभक्ति के संदेश
प्रभात फेरी में सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्काउट के विद्यार्थियों,पुलिस कार्मिकों,आंगनबाड़ी कार्य कर्ताओं एवं सहायिकाओं,जिला परिषद तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता निभाई।
प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत प्रभात फेरी में शामिल हुए। प्रभात फेरी के माध्यम से आमजन को ‘हर घर तिरंगा’अभियान से जुड़ने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
जिला कलक्टर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी थे उपस्थित
इस अवसर पर जिला कलक्टर आलोक रंजन, त्रिभुवन सिंह भाटी, जयकिशन पंचारिया, वरुण धनाड़िया,गौरव जैन, शिवकुमार,शिव कुमार सोनी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपत लाल सुथार, संयुक्त निदेशक (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता) बीएल सारस्वत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित थे।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने भी जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साह पूर्वक सहभागिता निभाने तथा अपने घरों,वाहनों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
