Doordrishti News Logo

लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार

  • छह माह से फरार था
  • लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था
  • आधार,पैन और दस्तावेज लेकर फर्जी फाइनेंस कराता था

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार। लोन दिलाने के नाम पर लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से फर्जी ऋण लेकर ठगी करने वाले शातिर आरोपी को करीब छह माह बाद बासनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

आरोपी पीडि़त के नाम पर एलईडी टीवी,मोबाइल फोन, वॉशिंग मशीन तथा क्रेटा कार तक फाइनेंस कराकर स्वयं उपयोग करता था। पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया,पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमल शेखावत,अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त (पश्चिम) दीपक कुमार मीणा के निर्देशन एवं पुलिस थाना बासनी के थानाप्रभारी गजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी रावों का बास,मैलाना, थाना खेड़ापा निवासी 34 वर्षीय सुनील राव पुत्र साबुराम को गिरफ्तार किया।

मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

ऐसे देता था वारदात को अंजाम 
पुलिस के अनुसार गत 2 जनवरी 2026 को पीड़ित हेमराज सोलंकी ने न्यायालय के माध्यम से परिवाद प्रस्तुत कर बताया कि आरोपी ने पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर उसका आधार कार्ड,पैन कार्ड, फोटो,बैंक संबंधी दस्तावेज और हस्ताक्षर प्राप्त कर लिए।

बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर बजाज फाइनेंस, आईडीएफसी फर्स्ट फाइनेंस और एचडीएफ सी फाइनेंस से उसके नाम पर इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं क्रेटा कार फाइनेंस करा ली। बैंक खाते से किस्त कटने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

अजमेर से पकड़ा गया 
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया खातों का तकनीकी विश्लेषण कर करीब छह माह बाद अजमेर से उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

पुलिस उससे फर्जी तरीके से खरीदे गए इलेक्ट्रॉनिक सामान की बरामदगी तथा अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि पूर्व में फाइनेंस कंपनी द्वारा आरोपी से क्रेटा कार भी जब्त की जा चुकी है।