मानेवड़ा गांव में एक साथ पांच सूने मकानों में चोरी
- गहने,नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ
- गुजरात गए थे परिवार के सदस्य
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मानेवड़ा गांव में एक साथ पांच सूने मकानों में चोरी। भोजासर थाना क्षेत्र के मानेवड़ा गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में पांच सूने मकानों को निशाना बनाया। चोरों ने मकानों के ताले और अलमारियां तोडक़र लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त दिनेश सुथार ने भोजासर थाने में मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्य गुजरात में होने के कारण उनका मकान बंद था। रिश्तेदारों ने फोन कर घर के ताले टूटे होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दिनेश को मुख्य मकान और पुराने मकान के ताले और अलमारियां टूटी मिलीं। चोर एक सोने की अंगूठी,लगभग 60 हजार रुपए नकद, चांदी के कड़े, कंदोरा,सोने की रखड़ी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। रिपोर्ट में बताया कि चोरों ने परिवार के अन्य सदस्यों के मकानों को भी निशाना बनाया।
बड़े भाई राजेश के घर की तिजोरी का ताला तोडक़र सामान बिखेर दिया गया। मोहनराम के मकान से 25 हजार रुपए नकद,दो जोड़ी पायल और चांदी के सिक्के चोरी हुए। मंगाराम के मकान के कमरों और तिजोरियों के ताले भी तोड़ दिए गए।
पीडि़त ने आशंका जताई कि चोरी की यह वारदात 29-30 जून की रात के बीच हुई, जब परिवार के सभी सदस्य गुजरात में थे। भोजासर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आगे की जांच कर रही है।
