एटीवीएम मशीन से स्वयं लें अनारक्षित टिकट
- समय बचाएं और कतारों से मुक्ति पाएं
- जोधपुर मंडल में 43 स्टेशनों पर 65 एटीवीएम मशीनों से यात्रियों को मिल रही त्वरित टिकटिंग सुविधा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एटीवीएम मशीन से स्वयं लें अनारक्षित टिकट। यात्रियों को त्वरित,सरल एवं सुविधाजनक टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने तथा टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के 43 रेलवे स्टेशनों पर कुल 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित एवं कार्यरत हैं।
इन मशीनों के माध्यम से यात्री स्वयं अनारक्षित (जनरल) टिकट,प्लेटफॉर्म टिकट,सीजन टिकट नवीनीकरण सहित अन्य उपलब्ध सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों द्वारा ATVM मशीनों का लगातार बढ़ते हुए उपयोग से टिकटिंग व्यवस्था अधिक सुगम और पारदर्शी बनी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ATVM मशीनों के माध्यम से 56,52,739 टिकट जारी किए गए,जिससे 71.68 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 (01 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक) में 16,91,132 टिकट जारी किए गए हैं, जिनसे 24.23 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ है।
मनीष हासानी को यांत्रिकी में पीएचडी
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ATVM मशीन का उपयोग अत्यंत सरल है। यात्री मशीन की स्क्रीन पर प्रदर्शित निर्देशों का पालन करते हुए अपने गंतव्य स्टेशन का चयन कर आसानी से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। मशीनों पर स्मार्ट कार्ड,UPI एवं QR कोड के माध्यम से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।
मनीष हासानी को यांत्रिकी में पीएचडी
ATVM मशीन से उपलब्ध सुविधाएं
-अनारक्षित (जनरल) टिकट
-प्लेटफॉर्म टिकट
-सीजन टिकट का नवीनीकरण
-अन्य उपलब्ध अनारक्षित टिकटिंग सेवाएं
ATVM मशीन के उपयोग की चरणबद्ध प्रक्रिया
चरण 1: हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा का चयन करें।
चरण 2: आवश्यक टिकट का प्रकार चुनें-अनारक्षित टिकट,प्लेटफॉर्म टिकट अथवा सीजन टिकट नवीनीकरण।
चरण 3: गंतव्य स्टेशन का नाम अथवा स्टेशन कोड दर्ज करें।
चरण 4: यात्रियों की संख्या,ट्रेन का प्रकार एवं यात्रा संबंधी आवश्यक विवरण दर्ज करें।
चरण 5: स्क्रीन पर प्रदर्शित सभी विवरणों की जांच करें।
चरण 6: स्मार्ट कार्ड,UPI अथवा QR कोड के माध्यम से भुगतान करें।
चरण 7: भुगतान सफल होने पर टिकट मशीन से स्वतः प्रिंट होकर प्राप्त हो जाएगा।
RailOne ऐप से बुक टिकट का प्रिंट
यदि किसी यात्री ने RailOne (रेलवन) मोबाइल ऐप के माध्यम से पेपर टिकट बुक किया है, तो वह ATVM मशीन पर “Print Booked Ticket” विकल्प का चयन कर अपना मोबाइल नंबर अथवा बुकिंग विवरण दर्ज कर टिकट का प्रिंट प्राप्त कर सकता है।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे स्टेशन पर उपलब्ध ATVM मशीनों का अधिकाधिक उपयोग करें,जिससे समय की बचत हो तथा टिकट काउंटरों पर लगने वाली अनावश्यक कतारों से भी राहत मिले। आवश्यकता पड़ने पर स्टेशन पर उपलब्ध रेलकर्मियों अथवा ATVM सुविधा सहायक से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
