एडीजी ने लिया प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा
कानून-व्यवस्था की समीक्षा की
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एडीजी ने लिया प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चार जुलाई के प्रस्तावित जोधपुर व पचपदरा दौरे की तैयारियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। इसी क्रम में जोधपुर रेंज के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हवा सिंह घुमरिया ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।
ऑफिसर्स मेस में आयोजित इस बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीजी हवा सिंह घुमरिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। डीजीपी भी पहले दौरा कर चुके हैं और अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए जोधपुर पहुंचे हैं और 100 प्रतिशत बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
रिफाइनरी आग की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
एडीजी ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री की सुरक्षा तैयारियों के साथ-साथ जोधपुर रेंज और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में वर्तमान अपराध की स्थिति,नए अपराधों के स्वरूप और पुलिस के सामने मौजूद चुनौतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों से अपराध नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों की समीक्षा करते हुए और अधिक प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
एडीजी ने कहा कि राज्य पुलिस तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ी है। प्रदेश के थानों को हाईटेक बनाया गया है, जिससे पुलिस की कार्यशैली में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि समय के साथ तकनीक और अपराधियों के तरीके बदले हैं,इसलिए पुलिस भी नई तकनीक के अनुरूप खुद को लगातार अपडेट कर रही है।
एडीजी ने कुछ दिनों पहले राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शहर की कानून व्यवस्था को लेकर दिए बयान पर पूछे सवाल पर कहा कि मैं उनके बयान पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता लेकिन जोधपुर में क्राइम कंट्रोल में नहीं है मैं ऐसा नहीं मानता। क्योंकि यहां कानून व्यस्था ठीक है।
यदि कहीं कोई व्यक्तिगत घटना हुई है तो उस पर तत्काल कार्रवाई हुई है। जब से पुलिस बनी है,समाज बना है अपराध हुए हैं। हमारा काम है कि अपराध होने से पहले रोक दें। हम लोग सैंकडों अपराध होने से पहले रोक देते हैं इसके बारे में लोगों को पता ही नहीं चलता और यदि कहीं अपराध भी होता है तो कोशिश यही रहती है कि तुरंत गिरफ्तारी हो, अच्छा अनुसंधान होकर चालान हो जाएं।
युवाओं में बढ़ती नशे की प्रकृति को लेकर कहा कि युवा नशा करते हैं तो उससे उनका जीवन,समाज ओर परिवार तबाह हो जाता है। इसलिए युवाओ से अपील है कि नशे की प्रवृत्ति से दूर रहें। यदि आपके आस पास कोई नशे की चपेट में आया है तो उसकी सूचना पुलिस को दें।
