जोधपुर मंडल ने लौटाए यात्रियों के लाखों रुपये के भूले हुए सामान

  • ऑपरेशन अमानत
  • वित्तीय वर्ष 2025-26 में 456 यात्रियों को 91.26 लाख से अधिक मूल्य का सामान सुरक्षित सौंपा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर मंडल ने लौटाए यात्रियों के लाखों रुपये के भूले हुए सामान। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे सुरक्षा बल(आरपीएफ)के माध्यम से संचालित “ऑपरेशन अमानत” अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करते हुए 456 यात्रियों को उनका भूलवश छूटा हुआ सामान सुरक्षित रूप से वापस सौंपा गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन एवं रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सतत प्रयासों से वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों से बरामद रूपये 91,26,173 मूल्य के बैग,मोबाइल फोन, लैपटॉप,पर्स,महत्वपूर्ण दस्तावेज,आभूषण सहित अन्य कीमती सामानों को सत्यापन एवं पहचान की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक स्वामियों को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।

केतन अग्रवाल हत्याकांड:आरोपी सिया शादी टालना चाहती थी

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025-26 में लौटाए गए सामानों की संख्या एवं मूल्य विगत वर्ष की तुलना में 43.17 प्रतिशत अधिक है,जो रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता,ईमानदारी एवं यात्रियों के प्रति सेवा भावना को दर्शाता है।

ऑपरेशन “अमानत” का उद्देश्य यात्रियों में यह विश्वास कायम करना है कि रेलवे उनकी संपत्ति की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। जोधपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर आरपीएफ एवं स्टेशन स्टाफ द्वारा नियमित निगरानी रखी जाती है तथा प्राप्त लावारिस अथवा छूटे हुए सामान को सुरक्षित रखकर उसके वास्तविक मालिक तक पहुँचाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।

रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। यदि यात्रा के दौरान कोई सामान छूट जाए तो तत्काल निकटतम रेलवे स्टेशन,रेलवे सुरक्षा बल अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें,ताकि शीघ्र कार्रवाई कर सामान वापस दिलाया जा सके।

जोधपुर मंडल रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा,सुविधा एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा अभियानों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है।