महाप्रबंधक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण
- उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक का जोधपुर कार्यशाला का दौरा
- हेरिटेज रूम, 80 टन क्षमता के अत्याधुनिक ट्रेवरसर एवं आरओ प्लांट का किया उद्घाटन
- कार्यशाला के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महाप्रबंधक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण। उत्तर पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ ने शनिवार को जोधपुर रेल कार्यशाला का दौरा कर विभिन्न विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यशाला में नवनिर्मित हेरिटेज रूम, 80 टन क्षमता के अत्याधुनिक ट्रेवरसर तथा आरओ प्लांट का उद्घाटन किया।
इसे भी पढ़िएगा – कर्मचारी कल्याण और क्षमता विकास की दो नई सुविधाओं का लोकार्पण
महाप्रबंधक ने कार्यशाला की कार्य संस्कृति, तकनीकी दक्षता एवं नवाचारों की सराहना करते हुए इसे उत्तर पश्चिम रेलवे की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।कार्यशाला पहुंचने पर महाप्रबंधक का प्रशासनिक कार्यालय में पारंपरिक रीति से तिलक लगाकर एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीना ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाप्रबंधक सहित प्रधान कार्यालय जयपुर से पधारे मुख्य कारखाना इंजीनियर इंद्रजीत दिहाना तथा मंडल रेल प्रबंधक,जोधपुर अनुराग त्रिपाठी का पॉट प्लांट भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने कार्यशाला में स्थापित ऐतिहासिक धरोहर कक्ष (हेरिटेज रूम) का अवलोकन किया तथा आधुनिक तकनीक से सुसज्जित 80 टन क्षमता के ट्रेवरसर एवं कर्मचारियों के लिए स्थापित आरओ प्लांट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के समावेश एवं संसाधनों के विकास से कार्यकुशलता,संरक्षा और गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के समापन पर बीटीसी सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, उत्कृष्ट कार्य निष्पादन तथा कार्यशाला की उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने भविष्य में भी गुणवत्ता,नवाचार एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी,उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विनोद मीणा,उप मुख्य विद्युत इंजीनियर राजेंद्र प्रसाद मीना,उप मुख्य भंडार प्रबंधक रवि कुमार, सहायक कार्य प्रबंधक धनराज सहित कार्यशाला के अनेक अधिकारी उपस्थित थे।
अंत में मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीना ने महाप्रबंधक एवं उनके साथ आए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। दौरे के समापन पर कार्यशाला के मुख्य द्वार तक पुष्प वर्षा के साथ महाप्रबंधक को भावभीनी एवं गरिमामयी विदाई दी गई।
