आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ रेलवे ज्ञानोदय स्कूल

  • महाप्रबंधक अमिताभ ने किया लोकार्पण
  • शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ रेलवे ज्ञानोदय स्कूल। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक दायित्व के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डीएस कॉलोनी स्थित ज्ञानोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल के व्यापक नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण का लोकार्पण शनिवार को महाप्रबंधक अमिताभ ने किया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष अंजु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

 इसे भी पढ़ें – महाप्रबंधक ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण

नवीनीकरण के तहत विद्यालय में आधुनिक कंप्यूटर लैब,स्मार्ट क्लास रूम,नवीनीकृत पुस्तकालय एवं आकर्षक शैक्षणिक वातावरण विकसित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्ता पूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक,जोधपुर अनुराग त्रिपाठी एवं उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन,जोधपुर मंडल की अध्यक्षा निष्ठा त्रिपाठी ने की।

समारोह का शुभारम्भ विद्यालय परिसर के लोकार्पण एवं विभिन्न आधुनिक सुविधाओं के उद्घाटन के साथ हुआ। अतिथियों ने विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद भी किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं नवीनीकरण कार्यों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में अंजु ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है तथा बच्चों को आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय के विकास में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, जोधपुर मंडल के लिए रुपए 25,000 की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्य अतिथि महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यालय के नवीनीकरण एवं उद्घाटन समारोह को उत्कृष्ट ढंग से सम्पन्न कराने वाली रेलवे टीम की सराहना करते हुए आयोजन एवं नवीनीकरण कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए रुपए 50,000 के विशेष नकद पुरस्कार की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कक्षावार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के नवीनीकरण कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रेलवे अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य मुख्य अभियंता (निर्माण) इन्द्रजीत दिहाना,अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम,वरिष्ठ मंडल अभियंता मनोहर सिंह,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश सिंह,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता महेन्द्र कुमार, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अशोक चौधरी,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी,ज्ञानोदय स्कूल की प्रधानाचार्य इंदु,रेलवे कर्मचारी,महिला कल्याण संगठन की सदस्याएँ, शिक्षक,अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने किया तथा अंत में विद्यालय प्रभारी एवं उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्य कंचन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।