निफ्ट जोधपुर में हिंदी कार्यशाला आयोजित
राजकार्य में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर दिया जोर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),निफ्ट जोधपुर में हिंदी कार्यशाला आयोजित। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) जोधपुर में मंगलवार को राजकार्यों में हिंदी भाषा की उपयोगिता एवं महत्व विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
मुख्य वक्ता के रूप में पीआईबी जोधपुर के मीडिया एवं संचार अधिकारी आशीष वर्मा ने कहा कि संस्थानों में प्रशासनिक शब्दावली का प्रयोग किया जाना चाहिए।
सरकार की राजभाषा नीति के अनुरूप विभागीय कार्यों में अधिकाधिक हिंदी के उपयोग के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने सरल हिंदी का प्रयोग करने का सुझाव दिया और राजभाषा प्रयोग में निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
सिंधी फिल्म छोरियूं अगियां छोरा पुठियां का प्रीमियर 27-28 को
संविधान में हिंदी का स्थान
आशीष वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343 के अनुसार हिंदी को संघ की राजभाषा का दर्जा प्राप्त है। हिंदी देश की एकता,अखंडता तथा सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करती है। शासन और प्रशासन की भाषा ऐसी होनी चाहिए जो आम नागरिक की समझ में आए ताकि वह सरकारी योजनाओं और नीतियों से सीधे जुड़ सके।
हिंदी से बढ़ती है पारदर्शिता
उन्होंने बताया कि राजकार्य में हिंदी के उपयोग से प्रशासन अधिक जनोन्मुखी और पारदर्शी बनता है। जब सरकारी आदेश,अधिसूचनाएं, योजनाएं और आवेदन पत्र हिंदी में उपलब्ध होते हैं, तब नागरिक उन्हें आसानी से समझ पाते हैं। इससे सरकारी सेवाओं तक पहुंच बढ़ती है और प्रशासनिक दक्षता में भी वृद्धि होती है।
ई-गवर्नेंस में हिंदी का बढ़ता प्रयोग
वर्मा ने कहा कि सरकारी वेबसाइटों,मोबाइल एप्लिकेशनों,सोशल मीडिया मंचों और ई-गवर्नेंस सेवाओं में हिंदी का प्रयोग बढ़ने से नागरिकों को जानकारी प्राप्त करने में सुविधा हो रही है। भारत सरकार द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
राष्ट्रीय एकता की वाहक है हिंदी
उन्होंने कहा कि हिंदी का महत्व केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है। यह भारतीय संस्कृति, साहित्य,ज्ञान और परंपराओं की वाहक भी है। हिंदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने का कार्य किया है और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाया है।
कार्यशाला में संयुक्त निदेशक डॉ.जन्मय सिंह हाडा और असिस्टेंट प्रोफेसर एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ.मनीष शर्मा ने भी हिंदी भाषा को बढ़ावा देने पर अपने विचार रखे।
