पता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाश वृद्धा के गले से कंठी तोड़ भागे
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान के प्रयास
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाश वृद्धा के गले से कंठी तोड़ भागे। शहर के माता का थान स्थित भदवासिया लिंक रोड पर रहने वाली एक वृद्धा के गले से बाइक सवार दो बदमाश कंठी लूट कर ले गए। एक युवक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा पता पूछने के बहाने वृद्धा के निकट पहुंचा और कंठी तोड़ ले गया। पीडि़त वृद्धा ने घटना को लेकर माता का थान पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है।
पुलिस अब आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान के साथ तलाश में जुटी है। जल्द की मामले में खुलासे की उम्मीद जताई गई है। थानाधिकारी शफीक मोहम्मद ने बताया कि विद्या नगर चार मंदिर के पास भदवासिया लिंक रोड पर रहने वाली वृद्धा पेपादेवी पत्नी शंकरलाल प्रजापत ने रिपोर्ट दी।
इसमें बताया कि रविवार की शाम को वह अपने घर के बाहर बैठी थी। तब दो युवक बाइक पर आए। एक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा नजदीक आकर किसी का पता पूछने का बहाना करते हुए उसके गले पर झपट्टा मारकर कंठी तोड़ ली। बाद में बाइक स्टार्ट कर बैठे साथी के संग भाग गया। थानाधिकारी शफीक मोहम्मद ने बताया कि लुटेरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे है। गाड़ी नंबर को भी ट्रेस कर पता लगाने का प्रयास जारी है। कंठी का वजन एक से डेढ़ तोला के बीच में है।
