अशोक उद्यान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 4000 ने किया योग

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज), अशोक उद्यान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 4000 ने किया योग। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को सम्राट अशोक उद्यान में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। हजारों नागरिकों ने उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए लगभग एक घंटे तक योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन की बड़ी संख्या में मौजूदगी से पूरा वातावरण योगमय हो उठा।

 इसे भी पढ़ें-रेल मंत्री वैष्णव ने बीकानेर में रेलकर्मियों से की बातचीत

पीएम मोदी का उद्बोधन प्रसारित
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को भी प्रसारित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।

योग हमें निरोगी रखता है: मदन दिलावर
शिक्षा मंत्री तथा जोधपुर जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि जो नागरिक नियमित योग करते हैं वे सदैव स्वस्थ एवं निरोगी रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्व के अनेक देशों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से प्रतिदिन नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग भारत की सांस्कृतिक चेतना:जोगाराम पटेल
संसदीय कार्य मंत्री जोगा राम पटेल ने मीडिया से कहा कि सम्राट अशोक उद्यान में चार हजार से अधिक लोगों ने लगभग एक घंटे तक योग के विभिन्न आयामों को अपनाया। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों में योग का आयोजन हो रहा है,जो भारत की प्राचीन संस्कृति एवं ज्ञान परम्परा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है। योग हमें भारतत्व भाव एवं बन्धुत्व भाव का संदेश देता है। जो व्यक्ति,समाज अथवा राष्ट्र योग को अपनाता है,वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त रहता है।

ये थे मौजूद
इस अवसर पर सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत,पाली सांसद पीपी चौधरी,राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत,सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी,जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, त्रिभुवन सिंह भाटी,पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण पंचारिया,पूर्व राज्यसभा सांसद रामनारायण डूडी, पुखराज गर्ग,जिला प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा, जिला कलक्टर आलोक रंजन,जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी,जिला परिषद सीईओ आशीष कुमार मिश्रा,नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, आईपीएस डॉ.विकास पाठक सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

योग प्रशिक्षकों ने कराया अभ्यास
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। हजारों लोगों ने स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया। सम्राट अशोक उद्यान में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम ने जनभागीदारी एवं सामूहिक चेतना का उदाहरण प्रस्तुत किया।